उदयपुर। सुरों की मंडली संस्था की ओर से आज, 31 जुलाई को महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर मधुश्री, अशोका पैलेस, शोभागपुरा में शाम 5 बजे से भव्य संगीतमय संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में 60 से 80 के दशक के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से मोहम्मद रफ़ी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि इस विशेष आयोजन में करीब 35 प्रतिभाशाली गायक और गायिकाएँ रफ़ी साहब के लोकप्रिय एवं कालजयी नग़मे प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम संगीत प्रेमियों को सुनहरे दौर के मधुर गीतों से रूबरू कराएगा। उन्होंने शहरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर महान गायक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया।
संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था और कलाकारों की प्रस्तुतियों को विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया है, ताकि हर श्रोता एक यादगार संगीतमय अनुभव लेकर लौटे।
आयोजक एसकेएम सुपर सिंगर के कैलाश केवल्या, निखिल माहेश्वरी एवं योगेश उपाध्याय ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी व्यवस्थाएँ पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने शहर के सभी संगीत प्रेमियों से आज शाम 5 बजे मधुश्री, अशोका पैलेस पहुँचकर इस संगीतमय आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।