अस्त्र विद्या शूटिंग रेंज में "शूटिंग चैम्पियनशिप 2K26" का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दम चित्तौड़गढ़ ।
यूथ मूवमेंट एवं अस्त्र विद्या शूटिंग रेंज के संयुक्त तत्वावधान में होटल कुंभा रिट्रीट (किला रोड, सिटी पेट्रोल पंप के पास) में आयोजित राज्य एवं अंतर-राज्यीय "शूटिंग चैम्पियनशिप 2K26" का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से आए सैकड़ों प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूथ मूवमेंट के संस्थापक अध्यक्ष शाश्वत सक्सेना तथा विशिष्ट अतिथि यूथ मूवमेंट गर्ल्स यूनिट की अध्यक्ष स्वाति थीं।
इस अवसर पर शाश्वत सक्सेना ने कहा कि शूटिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और निरंतर प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
स्वाति ने विशेष रूप से बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के आयोजक एवं अस्त्र विद्या शूटिंग रेंज के मुख्य कोच तुषार लक्ष्मी श्रीवास्तव तथा सहयोगी पार्टनर गजेन्द्र सिंह राणावत (डायरेक्टर, द लीजेंड शूटिंग रेंज) ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में निशानेबाजी के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में सब-यूथ, यूथ, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर सीनियर वर्गों में दिनभर रोमांचक मुकाबले हुए।
पीप साइट राइफल के सब-यूथ मेंस वर्ग में कुलदीप सिंह शक्तावत प्रथम, समर सिंह राठौड़ द्वितीय तथा प्रद्युम्न तृतीय रहे। सब-यूथ वुमन में पूर्वा पटवा, यूथ मेंस में कार्तिकेय तथा जूनियर मेंस में राजवीर सिंह शक्तावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पिस्तौल स्पर्धा के सब-यूथ मेंस वर्ग में दिग्पाल नाथ चौहान प्रथम, देवांग प्रजापत द्वितीय तथा देवांश श्रीवास्तव तृतीय रहे। यूथ वुमन वर्ग में महिमा कंवर शक्तावत तथा सीनियर मेंस वर्ग में गजराज गुर्जर विजेता बने।
ओपन साइट राइफल के यूथ वुमन वर्ग में कनिष्का कंवर भाटी प्रथम एवं माही कंवर शक्तावत द्वितीय रहीं। यूथ मेंस वर्ग में कोशिश कुशवाहा प्रथम, रुद्र प्रताप सिंह द्वितीय तथा अमन सिंह तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर मेंस वर्ग में नीरज शर्मा, सीनियर मेंस वर्ग में जय प्रकाश शर्मा प्रथम एवं अर्पित महत्तले द्वितीय रहे, जबकि सीनियर वुमन वर्ग में दिलखुश शक्तावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में आयोजक तुषार श्रीवास्तव एवं गजेन्द्र सिंह राणावत ने प्रतिभागियों, अभिभावकों, अतिथियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।