उदयपुर। शहर के प्रख्यात सूक्ष्म कलाकृति एवं सूक्ष्म पुस्तिका निर्माता डॉ. चंद्र प्रकाश चित्तौड़ा ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मोहनलाल सुखाड़िया की 110वीं जयंती, महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की 46वीं पुण्यतिथि तथा हिंदी साहित्य के महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर तीन अलग-अलग सचित्र सूक्ष्म पुस्तिकाओं का निर्माण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डॉ. चित्तौड़ा ने बताया कि मोहनलाल सुखाड़िया पर तैयार की गई सूक्ष्म पुस्तिका में उनके जीवन परिचय, राजस्थान के विकास एवं निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान तथा प्रमुख उपलब्धियों का संक्षिप्त एवं आकर्षक संकलन किया गया है, जिससे नई पीढ़ी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से परिचित हो सके।
इसी क्रम में महान गायक मोहम्मद रफी की 46वीं पुण्यतिथि पर उन्होंने मात्र एक इंच आकार की सचित्र सूक्ष्म पुस्तिका तैयार की है। इस पुस्तिका में रफी के जीवन, उनके संगीत सफर, लोकप्रिय गीतों और भारतीय संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान का संक्षिप्त चित्रात्मक विवरण प्रस्तुत किया गया है।
वहीं, हिंदी साहित्य के अमर कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर भी डॉ. चित्तौड़ा ने एक विशेष सूक्ष्म पुस्तिका का निर्माण किया है। इसमें उनके जीवन परिचय, प्रमुख उपन्यासों, कहानियों तथा हिंदी साहित्य को दिए गए उनके अमूल्य योगदान का संग्रह किया गया है।
डॉ. चित्तौड़ा ने कहा कि सूक्ष्म पुस्तिकाओं के माध्यम से महान विभूतियों के जीवन और उनके प्रेरणादायी कार्यों को संरक्षित करना तथा समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। उनकी ये अनूठी कला न केवल लघु शिल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि महान व्यक्तित्वों की स्मृतियों को सहेजने का एक अभिनव प्रयास भी है।