GMCH STORIES

एक वृक्ष माँ के नाम अभियान के तहत कटुंबी विद्यालय में हुआ भव्य वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम

( Read 1641 Times)

30 Jul 26
Share |
Print This Page

एक वृक्ष माँ के नाम अभियान के तहत कटुंबी विद्यालय में हुआ भव्य वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम

छोटी सरवन। राज्य सरकार के "एक वृक्ष माँ के नाम" एवं "हरियालो राजस्थान" अभियान के तहत शिक्षा विभाग, छोटी सरवन द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कटुंबी में भव्य वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों एवं आमजन में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

इस अवसर पर NTPC नापला द्वारा नटवरानंदी वेलफेयर फाउंडेशन के माध्यम से राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रति उच्च माध्यमिक विद्यालय में 1000, प्रति माध्यमिक विद्यालय में 500 तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 100 पौधों का वितरण किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग, छोटी सरवन द्वारा कुल 21 हजार पौधों का रोपण एवं वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंकज ध्यानी, अति विशिष्ट अतिथि मनोज गुप्ता तथा कार्यक्रम अध्यक्ष जगदीश मुरी रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया।

 

मुख्य अतिथि पंकज ध्यानी ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन का आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

 

अति विशिष्ट अतिथि मनोज गुप्ता ने कहा कि पौधे एक छोटे बच्चे की तरह होते हैं। जिस प्रकार एक बच्चे के पालन-पोषण और सुरक्षा की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार पौधों की भी निरंतर देखभाल आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के नाम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो पर्यावरण संरक्षण का सपना साकार हो सकता है।

 

विशिष्ट अतिथि आर.पी. रमेश मईडा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें जीवित रखने का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान आँवला, आम, जामुन, करंज, सीताफल सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया। लगाए गए सभी पौधों की जियो टैगिंग भी सफलतापूर्वक की गई, जिससे उनकी नियमित निगरानी एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

 

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य जगदीश मुरी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर चलने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

 

कार्यक्रम का सफल संचालन भरत बारिया द्वारा किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने "एक वृक्ष माँ के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित रखने की सामूहिक शपथ ली।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like