GMCH STORIES

हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला शुरू

( Read 507 Times)

08 Aug 26
Share |
Print This Page
हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला शुरू

उदयपुर। हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान, मुख्यालय उदयपुर के तत्वावधान में जिला ऑर्गेनाइजर एवं जिला प्रभारियों की दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार को गोवर्धन विलास स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र में प्रारंभ हुई।

कार्यशाला का शुभारंभ प्रार्थना सभा के साथ हुआ।

कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों से आए जिला ऑर्गेनाइजर एवं जिला प्रभारियों ने भाग लिया।कार्यशाला के मुख्य अतिथि राज्य सचिव नरेंद्र औदिच्य ने संगठन के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जिला ऑर्गेनाइजर एवं जिला प्रभारी संगठन की कार्यप्रणाली के अनुरूप पूर्ण अनुशासन के साथ वार्षिक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करें।

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र भावना का विकास करना है।

हम सभी को युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करना होगा, तभी आने वाली युवा पीढ़ी को सही दिशा और मजबूत संस्कार प्रदान किए जा सकेंगे।सहायक सचिव एवं समन्वयक विजय दाधीच ने वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न जिलों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की।

उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।कार्यशाला के दौरान प्रभारी राज्य संगठन आयुक्त विशाल सेन ने दो दिवसीय कार्यशाला के एजेंडे की बिंदुवार जानकारी देते हुए विभिन्न सत्रों में होने वाली गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उन्होंने जिला स्तर पर संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।वहीं राज्य संगठन आयुक्त गाइड कविता जैन एवं लेखाकार पवन राठौड़ ने दस्तावेज संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव एवं लेखा संबंधी कार्यों की त्रैमासिक रिपोर्ट की समीक्षा की।

उन्होंने सभी जिला प्रभारियों एवं ऑर्गेनाइजर को आवश्यक दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण करने तथा निर्धारित समयावधि में रिपोर्ट पूर्ण करने के निर्देश दिए।कार्यशाला के दौरान खुले मंच का भी आयोजन किया गया।

इसमें विभिन्न जिलों से आए जिला ऑर्गेनाइजर एवं जिला प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के दौरान सामने आ रही समस्याओं एवं चुनौतियों को खुलकर रखा।

राज्य संगठन की टीम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए।

संगठन के संभाग आयुक्त गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि कार्यशाला को लेकर जिला ऑर्गेनाइजर एवं जिला प्रभारियों में काफी उत्साह एवं जोश देखने को मिल रहा है।

इस प्रकार की कार्यशालाएं संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के साथ ही कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और कार्य करने की स्पष्ट दिशा प्रदान करती हैं।कार्यशाला में विभिन्न संभागों के सहायक राज्य संगठन आयुक्त मनोज त्रिवेदी, साहिल यादव, प्रदीप, शांता वैष्णव, भरत लाल प्रजापत एवं संगीता चैधरी द्वारा भी अपने पूर्व अनुभव साझा किए जा रहे हैं।

उनके अनुभवों एवं मार्गदर्शन से जिला ऑर्गेनाइजर एवं जिला प्रभारियों को जमीनी स्तर पर संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like