GMCH STORIES

राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर अंगदान जागरूकता के लिए उत्कृष्टता पुरस्कार 16वें इंडियन ऑर्गन डोनेशन डे पर नई दिल्ली में हुआ सम्मान अंगदान संकल्प अभियान में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा

( Read 302 Times)

04 Aug 26
Share |
Print This Page
राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर अंगदान जागरूकता के लिए उत्कृष्टता पुरस्कार  16वें इंडियन ऑर्गन डोनेशन डे पर नई दिल्ली में हुआ सम्मान  अंगदान संकल्प अभियान में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा

नई दिल्ली । अंगदान जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।

अंगदान संकल्प अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा।भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (NOTTO) द्वारा आयोजित 16वें इंडियन ऑर्गन डोनेशन डे समारोह में राजस्थान को “स्टेट अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन ऑर्गन डोनेशन अवेयरनेस” से सम्मानित किया गया।

नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में सोमवार को आयोजित राष्ट्रीय समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने यह सम्मान राजस्थान की ओर से चिकित्सा शिक्षा विभाग की निदेशक डॉ. श्रीमती रश्मि गुप्ता, सोटो राजस्थान की संयुक्त निदेशक डॉ. चित्रा सिंह, आईईसी कंसल्टेंट डॉ. धर्मेश तथा अतिरिक्त निदेशक डॉ. ममता को प्रदान किया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा— “राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

यह मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, प्रभावी जनसंपर्क अभियान चलाने तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को संवेदनशील और जनकेंद्रित बनाने के सतत प्रयासों का परिणाम है।

अंगदान किसी व्यक्ति के जीवन का सबसे बड़ा मानवीय उपहार है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक अंगदान के महत्व को समझे और इस महाअभियान से जुड़े, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सके।”

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा— “राजस्थान को प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश में अंगदान के क्षेत्र में विकसित हुई मजबूत संस्थागत व्यवस्था, प्रभावी समन्वय और जनभागीदारी का प्रमाण है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन , चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से अंगदान जागरूकता अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप मिला है।

हमारा लक्ष्य प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता को और अधिक विस्तार देना तथा पारदर्शी एवं सुदृढ़ अंग प्रत्यारोपण व्यवस्था के माध्यम से अधिक से अधिक मरीजों को जीवनदान उपलब्ध कराना है।”

This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like