कोटा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कोटा ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से निकली एक नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद चाइल्ड लाइन कोटा के सुपुर्द किया।
यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस एवं आरपीएफ कंट्रोल से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि रेल सुरक्षा बल कण्ट्रोल को सूचना प्राप्त हुई थी कि गाड़ी संख्या 12416 से एक नाबालिग लड़की घर से निकलकर यात्रा कर रही है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट कोटा के सहायक उप निरीक्षक श्रीकृष्ण बघेल ने स्टाफ के साथ ट्रेन में फोटो के आधार पर उसकी तलाश की, लेकिन प्रारंभिक खोज में वह नहीं मिली।
इसके बाद प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर उसके होने की सूचना मिलने पर दोबारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाश के दौरान लड़की एक नाबालिग लड़के के साथ कोटा स्टेशन के बुकिंग हॉल में मिली।महिला आरक्षक अनीता मीणा की देखरेख में दोनों नाबालिगों को आरपीएफ पोस्ट लाया गया तथा तत्काल चाइल्ड लाइन कोटा को सूचना दी गई।
सूचना पर चाइल्ड लाइन के सदस्य श्री जितेश महावर एवं श्रीमती जागृति आहूजा मौके पर पहुंचे।
पूछताछ में पता चला कि 16 वर्षीय लड़की अपने 17 वर्षीय परिचित लड़के से मिलने के लिए घर से निकलकर आई थी।आवश्यक कानूनी एवं औपचारिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद दोनों नाबालिगों को सुपुर्दगीनामा के माध्यम से चाइल्ड लाइन कोटा के हवाले कर दिया गया।आरपीएफ कोटा ने बताया कि गुमशुदा एवं संकटग्रस्त बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सुरक्षित संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए रेलवे सुरक्षा बल लगातार सतर्कता, संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई के साथ कार्य कर रही है।