उदयपुर। इतिहास, विरासत और संग्रहण की दुनिया से रूबरू होने का सुनहरा अवसर अब उदयपुरवासियों को मिलने जा रहा है। शहर के अशोका ग्रीन में कल, 7 अगस्त से 9 अगस्त तक तीन दिवसीय मुद्रा एवं एंटीक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में देशभर के संग्रहकर्ता 500 वर्ष पुराने दुर्लभ भारतीय एवं विदेशी सिक्के, पुराने नोट, स्मारक मुद्राएं, पदक, डाक टिकट तथा अन्य ऐतिहासिक संग्रहणीय वस्तुएं प्रदर्शित करेंगे।
आयोजक संदीप जैन ने बताया कि यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों, युवाओं, शोधकर्ताओं और इतिहास प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। यहां आगंतुक भारत की प्राचीन मुद्रा विरासत को करीब से जान सकेंगे तथा विभिन्न कालखंडों के दुर्लभ सिक्कों और नोटों के इतिहास से परिचित हो सकेंगे।
प्रदर्शनी की विशेषता यह होगी कि शहरवासी भी अपने घरों में वर्षों से सुरक्षित पुराने सिक्के और नोट लेकर आ सकेंगे। विशेषज्ञ इनका परीक्षण कर उनकी ऐतिहासिकता, दुर्लभता और संभावित संग्रहणीय महत्व की जानकारी देंगे।
आयोजकों ने उदयपुरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा बच्चों और युवाओं के साथ पहुंचकर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं मुद्रा विरासत को जानने का आग्रह किया है। तीन दिवसीय यह आयोजन इतिहास और संग्रहण के शौकीनों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा।