पेसिफिक विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके शैक्षणिक जीवन की सफल शुरुआत के उद्देश्य से चार दिवसीय "ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन वीक–2026" का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना, नए मित्र बनाने के अवसर प्रदान करना तथा भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराना है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमंत कोठारी ने कहा कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक संस्कृति, मूल्यों एवं संसाधनों से परिचित कराना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी नई शैक्षणिक यात्रा प्रारंभ कर सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएएस श्री दिग्विजय सिंह झाला एवं फैशन डिज़ाइनर सुश्री आकृति मलिक रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व को विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
फैकल्टी चेयरमैन प्रो. दिलेन्द्र हीरन ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह चार दिवसीय कार्यक्रम उन्हें विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं, नवाचार, अनुसंधान, छात्र गतिविधियों तथा करियर संबंधी अवसरों की जानकारी प्रदान करेगा। साथ ही विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रेरणादायक व्याख्यान, इंटरैक्टिव सत्र, विभागीय परिचय तथा व्यक्तित्व विकास गतिविधियाँ जैसी अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी विश्वविद्यालय के वातावरण में सहजता से स्वयं को ढाल सकें और अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकें।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ पूर्णिमा दशोरा व अनुष्का नाहर ने किया|