GMCH STORIES

शहर के ह्रदयस्थल पर लगाई जाट महिलाओं ने छबील

( Read 234 Times)

25 Jun 26
Share |
Print This Page
शहर के ह्रदयस्थल पर लगाई जाट महिलाओं ने छबील

हनुमानगढ़। ज्येष्ठ माह में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर पड़ रही भीषण गर्मी में जाट समाज की महिलाओं ने पहली बार घरों से बाहर निकल कर जंक्शन के हृदय स्थल राजीव चौक पर महाराजा सूरजमल संगठन, भारत महिला विंग के बैनर तले संगठन जिलाध्यक्ष किरण जान्दू की अगुवाई में ठंडे - मीठे पानी की छबील लगाई । इस दौरान इस मुख्य चौराहे से गुजर रहे राहगीरों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए ठंडा दूध मिश्रित शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी में शरबत पीकर राहगीर तृप्त हो गए। बीच बाजार सड़कों पर दौड़-दौड़ कर वाहन रुकवा पानी पिलाती महिलाओंं को देखकर लोगों ने अचरज किया और हैरानी जताई। प्रेस क्लब अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, जिला जाट समाज अध्यक्ष इंद्रपाल रणवां और किसान यूथ ब्रिगेड के प्रदेश संयोजक कृष्ण रेवाड़ के आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जाट समाज की महिलाओं ने दिनभर सड़क से गुजरने वाले वाहनों को रोक- रोक कर ठंडा व मीठा पानी राहगीरों को पिलाया। छबील को गुरुवार सुबह से प्रारंभ कर सायं तक लगाया गया। जिसमें दिनभर सैंकडों लोगों की प्यास बुझाई गई। जिलाध्यक्ष किरण जान्दू ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यास से व्याकुल जीव को पानी पिलाना, उसे नया जीवन देने के समान है। एक दशक पूर्व ग्रामीण क्षेत्र में महिलाएं चौपालों व बैठकों में पूरे ज्येष्ठ माह पुण्य प्राप्ति हेतु मिट्टी के नए घडों में पानी भरकर रखती थी, ताकि उन्हें गर्मी में प्यासे को पानी पिलाने का कई गुणा फल प्राप्त हो सके। इस अवसर पर संगठन युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सोफिया झोरड़ ने कहा की भीषण गर्मी में इस प्रकार के सेवा कार्य लोगो को राहत पहुंचाने के साथ आत्मिक संतोष भी प्रदान करते हैं। ऐसे पुनीत कार्यों से प्राप्त सुख अवर्णनीय होता है। मुख्य महिला संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू ऐचरा ने कहा कि राहगीरों की सेवा कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई। प्रदेश प्रवक्ता प्रेमलता चौधरी ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सहयोग और सद्भावना की भावना को मजबूत करते है। जिला महामंत्री मंजू कूकना और जिला सचिव अंजू गोदारा ने कहा कि इस सेवा कार्य में सहभागी बनकर उन्हें विशेष खुशी मिली। कॉमेडियन अमित गोदारा और भावना चौधरी ने कहा कि सनातन धर्म में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन जल, शरबत और अन्न का दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी धार्मिक भावना और जनसेवा के उद्देश्य से महाराजा सूरजमल संगठन द्वारा छबील लगाकर लोगों की सेवा की गई। इस अवसर पर डॉ सुमन गोदारा, कविता चाहर, कांता गोदारा, सावित्री देवी, पुष्पा देवी, इंद्रावती देवी, सुनीता खाती, मनजीत कौर, कर्मजीत कौर आदि सदस्य मौजूद रही।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like