श्रीगंगानगर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीगंगानगर के सचिव श्री रवि प्रकाश सुथार (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) द्वारा गाँव कालियां में ग्रीन वेलफेयर सोसायटी ग्रीन गंगानगर के समन्वय से बालिका संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन को समर्पित ”सृजन की सुरक्षा“ अभियान के अन्तर्गत पौधे वितरित कर विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीगंगानगर ने ग्रीन वेलफेयर सोसायटी के समन्वय से कार्यक्रम में उपस्थितजन को एक ही दिन में 1500 पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का एक अनुठा उदाहरण पेश किया।

शिविर के दौरान एडीजे श्री सुथार ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कालियां में उपस्थितजन को सम्बोधित करते हुए कहा कि सृजन की सुरक्षा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुरू की गई एक अभिनव एवं दुरगामी पहल है।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और पर्यावरण की रक्षा करना है।

इस दौरान एडीजे ने उपस्थितजन से आह्वान किया कि वे बेटांे और बेटियों के मध्य भेद ना करें तथा बेटियों को बेटों की तरह शिक्षा व सुरक्षा के समान अवसर प्रदान करें।

इसी क्रम में एडीजे ने बाल विवाह रोकथाम, कन्या भू्रण हत्या निषेध तथा राज्य सरकार एवं विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही विभिन्न निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की ।

इस अवसर पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री शंकर धारीवाल, सहायक निदेशक श्री सुशील शर्मा, कृषि विभाग, ग्रीन वेलफेयर सोसायटी ग्रीन गंगानगर के अध्यक्ष शंकर सलुजा, उपाध्यक्ष श्रवण कुमार, स्कूल प्रिंसिपल श्रीमती शालु बाला एवं गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती निर्मला, कालियां ग्राम पंचायत के प्रशासक श्री पवनदीप सिंह व श्री जगदीश कुमार तथा डिफेंस काउंसिल श्री रोहताश यादव एवं अमन चलाना उपस्थित रहे।