श्रीगंगानगर। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त कराने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान को उस समय बड़ी प्रेरणा और सम्मान मिला, जब केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने इस जनजागरूकता अभियान की खुले शब्दों में सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।श्रीगंगानगर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी व श्री गंगानगर जिले की नशा मुक्त अभियान की ब्रांड एंबेसडर लक्ष्या ज्याणी को उनके द्वारा जागरूकता के लिए किए गए 860 नाटकों के लिए सम्मानित करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है।
ऐसे समय में श्रीगंगानगर में जनसहभागिता से चलाया जा रहा यह अभियान युवाओं को नई दिशा देने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं संस्कारित समाज के निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण प्रयास है।उन्होंने अभियान से जुड़े सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों, प्रशासन, पुलिस, शिक्षकों, चिकित्सकों और जागरूक नागरिकों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब समाज स्वयं बदलाव का संकल्प लेता है, तब सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से दिखाई देता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए अपील की और कहा लक्ष्या ज्याणी जैसे 8-10 लोग और हो जाए तो बहुत सकारात्मक माहौल तैयार होगा कि नशा मुक्त समाज का सपना देखना है और अपने बच्चों को सुरक्षित भविष्य देना चाहते हैं तो आगे आए।श्री ज्याणी द्वारा केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को बताया कि अभियान के तहत लगातार जनजागरूकता रैलियां, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संवाद, शपथ कार्यक्रम, नुक्कड़ सभाएं, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित हो रही है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि नशा मुक्त श्रीगंगानगर का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक इसे अपना व्यक्तिगत दायित्व समझे।
यदि हर परिवार, हर विद्यालय, हर गांव और हर मोहल्ला इस अभियान का सहभागी बनेगा, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य मिल सकेगा।