उदयपुर, “हर व्यक्ति के भीतर एक माउंटेन होता है। यदि हम उसे जीत लें तो दुनिया की कोई भी चुनौती जीत सकते हैं।” यह प्रेरक बात विश्व की पांच ऊंची पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी उदयपुर की बेटी मनस्वी अग्रवाल ने मंगलवार को सुकृत न्यास की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में कही।
ओकेजन गार्डन के सामने स्थित होटल योइस में आयोजित समारोह में मनस्वी ने कहा कि जीवन में पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से हर परिस्थिति में हौसला बनाए रखने और चुनौतियों का डटकर सामना करने का आह्वान किया। उन्होंने अपनी उपलब्धियों के सफर में सहयोग के लिए माता-पिता तथा भारत सहित विभिन्न देशों की एम्बेसी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मनस्वी ने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें कभी भी भाइयों से कमतर नहीं समझा और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके पिता टी.आर. अग्रवाल ने जेन-जी को ऊर्जा और प्रतिभा से भरपूर पीढ़ी बताते हुए कहा कि यदि युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन मिले तो वे अनेक नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।
मनस्वी की माता सरोज ने कहा कि बच्चों को स्वतंत्रता देने के साथ-साथ उन्हें संस्कारों से जोड़ना भी अभिभावकों का दायित्व है। उन्होंने बच्चों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों की शिक्षा देने पर जोर दिया।
डॉ. मन्नालाल रावत ने बढ़ाया मनस्वी का उत्साह
मनस्वी का अभिनंदन करते हुए उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि उदयपुर की बेटी ने राजस्थान की सभी बेटियों का गौरव बढ़ाया है। भाजपा जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी संभालकर लौटे डॉ. रावत ने कहा कि बदलते समय के अनुरूप अपने कर्तव्यों को नए दृष्टिकोण से परिभाषित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी तकनीक के क्षेत्र में पिछली पीढ़ी से कहीं आगे है और नई पीढ़ी से भी बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक छोटा सा विचार भी आगे चलकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मील का पत्थर बन सकता है। इसलिए उदयपुर, राजस्थान और देश के विकास के लिए नियमित रूप से विचार-मंथन और संवाद होना चाहिए।
शहर की विभिन्न संस्थाओं ने किया सम्मान
सुकृत न्यास के अध्यक्ष मनोज जोशी ने बताया कि समारोह में मनस्वी एवं उनके माता-पिता का अभिनंदन लघु उद्योग भारती महिला इकाई अध्यक्ष सीमा पारीख, उपासना दशोत्तर, न्यास कोषाध्यक्ष अनिता जोशी, डॉ. रजनी पी. रावत तथा एमडीएस स्कूल के संस्थापक डॉ. शैलेन्द्र सोमानी सहित मंचासीन अतिथियों ने किया।
इसके बाद प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना, डीपीएस के गोविंद अग्रवाल, पूर्व आरएएस अधिकारी एस.एन. लाठी, वात्सल्य सेवा समिति के प्रकाश अग्रवाल तथा उदयपुर सिटीजन सोसायटी के अध्यक्ष क्षितिज कुंभट सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी मनस्वी का सम्मान किया।
इस अवसर पर भाजपा जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर लौटे सांसद डॉ. मन्नालाल रावत का भी अभिनंदन किया गया। सुकृत न्यास के वरिष्ठ सदस्य ब्रजमोहन भाटी, लघु उद्योग भारती महानगर इकाई अध्यक्ष राजेंद्र सुराणा, होटल व्यवसायी योगेश कुमावत, राजेश अग्रवाल तथा वल्लभनगर के पूर्व भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला सहित कई गणमान्यजनों ने उन्हें सम्मानित किया। मंच पर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम पूज्य भगवान गजानन महाराज के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। अध्यक्ष मनोज जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया। न्यास के महासचिव डॉ. विवेक भटनागर ने आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन कौशल मूंदड़ा ने किया।