उदयपुर/नई दिल्ली। मानव सेवा, समाज कल्याण एवं जनहित के क्षेत्र में पिछले 26 वर्षों से अनवरत समर्पित रोटरी क्लब उदयपुर के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अजय मुर्डिया को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित 'द होटल ग्रैंड' में आयोजित एक विशेष अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में रोटरी इंटरनेशनल के अध्यक्ष दईका बाबालोना (Olayinka Babalola) ने डॉ. मुर्डिया को व्यक्तिगत रूप से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनकी दीर्घकालीन सेवा-साधना को सराहा।
अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा व्यक्तिगत रूप से यह सम्मान मिलना न केवल रोटरी क्लब उदयपुर, बल्कि संपूर्ण रोटरी प्रांत 3056 के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
सेवा और समर्पण का मिला अंतरराष्ट्रीय प्रतिफल
रोटरी प्रांत 3056 के पब्लिक इमेज डायरेक्टर एवं पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि डॉ. अजय मुर्डिया वर्ष 2000 में रोटरी क्लब उदयपुर से जुड़े थे। बीते ढाई दशकों से अधिक समय में उन्होंने स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और सामुदायिक उत्थान के विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय नेतृत्व दिया है। वर्तमान में वे रोटरी क्लब उदयपुर में सामुदायिक सेवा निदेशक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं।
समारोह में रोटरी प्रांत 3056 के प्रांतपाल (District Governor) ए.के.एस. अरुण बगड़िया, अंतरराष्ट्रीय निदेशक के.पी. नागेश, अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष एम.एम.आर. सहित देश-विदेश से आए कई पूर्व प्रांतपाल एवं विशिष्ट रोटरी प्रतिनिधि साक्षी बने।
प्रांत 3056 की अन्य विभूतियों का भी हुआ सम्मान
क्लब सचिव दुष्यंत सोमानी एवं क्लब अध्यक्ष श्रीचंद खथुरिया ने बताया कि नई दिल्ली में आयोजित इस गरिमामय समारोह में रोटरी प्रांत 3056 का प्रतिनिधित्व काफी प्रभावशाली रहा। समारोह में डॉ. अजय मुर्डिया के साथ-साथ डॉ. जी.एल. राठी एवं मयूर यूनिकॉर्ट्स की किरण पोद्दार को भी समाज में उनके विशिष्ट योगदान के लिए रोटरी इंटरनेशनल अध्यक्ष द्वारा व्यक्तिगत रूप से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
क्लब के सदस्यों ने डॉ. मुर्डिया की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को रोटरी की सेवा भावना की एक अनुपम मिसाल बताते हुए उन्हें बधाई दी और इसे लेकसिटी उदयपुर के लिए गौरव का क्षण करार दिया।