कोलकाता: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के गठन पर राज्यसभा सीट के दावेदार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप माइती ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
माइती ने कहा कि नई टीम में युवाओं, महिला मोर्चा और अनुभवी कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। यह संतुलित टीम संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को नई टीम बनाने के लिए बहुत-बहुत बधाई। यह युवा टीम निश्चित रूप से कमाल करेगी और 2029 में फिर से मोदी सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।”
माइती ने विश्वास जताया कि नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि नई टीम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने नई टीम के सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।