• विद्यार्थियों एवं संस्था हित में हाईकोर्ट की सुनवाई के दौरान बनी सहमति

उदयपुर,  राजस्थान विद्यापीठ की नई कुलपति प्रो. मंजु मांडोत ने 16 अगस्त 2026 से कुलपति पद का कार्यभार संभाल लिया है। यह पदभार प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत के इस्तीफे के बाद प्रभावी हुआ। विद्यार्थियों और संस्था के हित को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के बाद यह प्रक्रिया पूरी हुई।

राजस्थान विद्यापीठ के कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर द्वारा 14 अगस्त को जारी आदेश के तहत प्रो. सारंगदेवोत को कार्यवाहक कुलपति के पद से पदमुक्त किया गया था। इस आदेश को उन्होंने जोधपुर हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई 20 एवं 21 अगस्त को हुई।

सुनवाई के दौरान विद्यापीठ की ओर से यूजीसी के नियमों, संस्था के प्रावधानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष न्यायालय के समक्ष रखा गया। विद्यार्थियों एवं संस्था के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इसी सहमति के तहत प्रो. सारंगदेवोत ने 21 अगस्त को न्यायालय के समक्ष इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अपना त्यागपत्र प्रस्तुत किया। त्यागपत्र को 15 अगस्त 2026 से प्रभावी माना गया, जबकि प्रो. मंजु मांडोत के कुलपति पद पर पदभार ग्रहण की तिथि 16 अगस्त 2026 निर्धारित हुई। सहमति बनने के बाद न्यायालय ने प्रकरण का निस्तारण कर दिया।

प्रो. मंजु मांडोत ने पदभार संभालने के बाद कहा कि राजस्थान विद्यापीठ कार्यकर्ताओं की संस्था है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सहयोग के बल पर विद्यापीठ ने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि संस्था की गरिमा, प्रतिष्ठा और शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

सहमति की जानकारी के बाद विद्यापीठ के कार्यकर्ताओं और हितैषियों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर को बधाई दी। जोधपुर से उदयपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गुर्जर का माला और उपरणा पहनाकर स्वागत किया।

कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर ने कहा कि यह उनकी नहीं, बल्कि राजस्थान विद्यापीठ के कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने निष्ठा और ईमानदारी के साथ संस्था के प्रति अपना दायित्व निभाया है। अब सभी को एकजुट होकर राजस्थान विद्यापीठ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कार्य करना होगा।

इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. तरूण श्रीमाली, डॉ. शैलेन्द्र मेहता, डॉ. प्रकाश धाकड़, डॉ. हीना खान, डॉ. मीता चौधरी, प्रवीण गुर्जर, डॉ. मुर्तजा, डॉ. मनीष श्रीमाली, डॉ. चन्द्रेश छतलानी, निजी सचिव कृष्णकांत कुमावत, जितेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. दिलीप सिंह चौहान, आरिफ मोहम्मद, डॉ. आशीष नंदवाना, उमराव सिंह राणावत, भगवतीलाल श्रीमाली, डॉ. संजीव राजपुरोहित, डॉ. भारत सिंह देवड़ा, रमेश प्रजापत, लहरनाथ योगी, मुर्तजा अली, शाहदाब, डॉ. प्रतीक जांगीड़, कैलाश, अशोक सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर का माला एवं उपरणा पहनाकर स्वागत और सम्मान किया।