जम्मू। त्योहारों के पावन अवसर पर उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल ने रेल यात्रियों को एक बड़ी सौगात दी है।
दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की होने वाली अतिरिक्त भीड़ एवं वेटिंग को समाप्त करने के लिए रेलवे ने जम्मू मंडल से होकर चलने वाली 3 जोड़ी विशेष आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों के चलने से न केवल यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना आसान होगा, बल्कि यात्रा और भी अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगी।जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों के प्रमुख लाभों पर बात करें, तो यह उत्तर भारत के दो सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और वाराणसी को सीधे जोड़ेंगी।
इससे माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और उत्तर प्रदेश व बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। सभी ट्रेनें आधुनिक एलएचबी कोचों से लैस होंगी, जो अधिक सुरक्षित, तेज गति और आरामदायक सफर सुनिश्चित करती हैं।
इन ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और त्योहारों पर होने वाली टिकट की मारामारी से यात्रियों को राहत मिलेगी। यह जम्मू मंडल की यात्री सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है।संचालित होने वाली ट्रेनों का विवरण इस प्रकार रहेगा।
सबसे पहले ट्रेन संख्या 04604/04603 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-वाराणसी-कटड़ा आरक्षित स्पेशल, यह ट्रेन कुल 09-09 फेरे अप व डाउन में लगाएगी।
ट्रेन संख्या 04604 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से 04 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को शाम 06.15 बजे प्रस्थान करेगी और दूसरे दिन शाम 06.30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04603 वाराणसी से 06 अक्टूबर से 01 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को सुबह 04.30 बजे प्रस्थान करेगी और दूसरे दिन सुबह 04.30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आलमनगर, रायबरेली और माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी।दूसरी ट्रेन संख्या 04610/04609 जम्मू तवी वाराणसी-जम्मू तवी आरक्षित स्पेशल, यह ट्रेन भी 09-09 फेरे अप व डाउन में लगाएगी।
ट्रेन संख्या 04610 जम्मू तवी से 01 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को सुबह 05.15 बजे प्रस्थान करेगी और दूसरे दिन सुबह 05.10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04609 वाराणसी से 02 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 09.00 बजे वाराणसी से चलेगी और दूसरे दिन सुबह 08.30 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।
यह पठानकोट, जालंधर, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, लखनऊ और सुल्तानपुर के यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होगी।तीसरी ट्रेन संख्या 04081/04082 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल।
दशहरे की भीड़ को देखते हुए, यह ट्रेन 04-04 फेरे अप व डाउन में लगाएगी। ट्रेन संख्या 04081 नई दिल्ली से 08, 09, 10 और 11 अक्टूबर को रात 11.45 बजे नई दिल्ली से चलेगी और अगले दिन दोपहर में 12 बजे कटरा पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 04082 कटड़ा से 09, 10, 11 और 12 अक्टूबर को रात 09.00 बजे कटरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यह दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के श्रद्धालुओं को कटड़ा तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।यात्रियों को मिलने वाली बहेतर सुविधा के तहत, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल ने बताया, कि दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर हर वर्ष यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है।
इस अतिरिक्त भीड़ को क्लियर करने और यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने के लिए हमने 3 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी रहेगी।
जम्मू मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर व आरामदायक यात्रा प्रदान करने के लिए समय-समय पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाता हैं।रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है, कि वे इन फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठाएं।
इन ट्रेनों में सीटों की बुकिंग आइआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप तथा रेलवे आरक्षण केंद्रों पर शुरू कर दी गई है। यात्री अधिक जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीइएस ऐप या नजदीकी रेलवे पूछताछ केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।