आर्यसमाज लक्ष्मण चौक, देहरादून का दो दिवसीय 60वां वार्षिकोत्सव आज दिनांक 4-10-2026 रविवार को सोल्लास सम्पन्न हो हुआ। आज प्रातः 8.00 बजे से पांच यज्ञ-वेदियों में यज्ञ सम्पन्न किया गया।
यज्ञ के ब्रह्मा आर्यसमाज लक्ष्मण चैक के विद्वान पुरोहित आचार्य गुरमीत शास्त्री थे। यज्ञ में मन्त्रोच्चार गुरुकुल पौंधा के दो ब्रह्मचारियों ने किया।
यज्ञवेदि पर उपस्थित आचार्य शैलेश मुनि सत्यार्थी जी ने इस अवसर पर श्रोताओं को कहा कि हमें अपने-अपने जीवन में से किसी एक बुराई को छोड़ने का संकल्प लेना चाहिये।
तभी हमारे यहां यज्ञ में भाग लेने का लाभ है। हमें प्रतिदिन यज्ञ करने का संकल्प भी लेना चाहिये।
इससे हमारा जीवन उन्नत होगा। यज्ञ लगभग 10.00 बजे सम्पन्न हुआ।
यज्ञ की समाप्ति के पश्चात आयोजन में उपस्थित सभी स्त्री पुरुषों ने प्रातःराश लिया। यज्ञ की समाप्ति के बाद प्रातः 10.35 से वृहद सत्संग का आयोजन आरम्भ हुआ।
इसके आरम्भ में सहारनपुर से पधारे ऋषि दयानन्द के भक्त पं. सुखपाल आर्य जी ने कई भजन प्रस्तुत किये।
उनके द्व़ारा प्रस्तुत पहला भजन था ‘पूजा करो पांच देवों की जग का इससे होगा कल्याण।’ उनके द्वारा प्रस्तुत दूसरे भजन के बोल थे ‘हम न भूलेंगे तुम न भूलोगे ऋषि दयानन्द के देश व धर्म पर किये उपकारों को।’ आपने कुल तीन भजन प्रस्तुत किये जो सभी प्रेरक, ज्ञानप्रद एवं कर्तव्यों का उद्बोधन देने वाले थे।
कार्यक्रम का संचालन आर्यसमाज के विद्वान पुरोहित पं. गुरमीत शास्त्री जी ने किया। उन्होंने कहा कि हमारे निकट जहां कहीं आर्यसमाज मन्दिर हो वहां रविवार को होने वाले सत्संग में हमें समय निकाल कर परिवार सहित अवश्य जाना चाहिये।
प्रवचनों की श्रृंखला के आरम्भ में वेद-विदुषी आचार्या डा. अन्नपूर्णा जी का प्रेरक उद्बोधन हुआ। अपने व्याख्यान के आरम्भ में उन्होंने कहा कि परमात्मा ने हमारी आत्मा को मानव का शरीर देकर हमें इस संसार में भेजा है।
हमें उस परमात्मा को जानना चाहिये और उसकी उपासना करनी चाहिये। आचार्या जी ने कहा कि हम जो कर्म करते हैं उनका फल हमें परमात्मा इस जन्म व अगले जन्मों में देता है।
हमारे कर्मों के अनुसार ही हमारा जन्म परमात्मा निश्चित करते हैं। कर्मों के अनुसार हमारा मनुष्य व अन्य पशु व पक्षियों योनियों में से किसी भी योनि में हो सकता है।
आचार्या जी ने बताया कि परमात्मा ने हमें श्रेष्ठ कर्मों को करने के लिये मनुष्य येानि में जन्म दिया है। हमें मनुष्य जीवन को सफल करने के लिए यज्ञ आदि श्रेष्ठ वैदिक कर्मों को करना चाहिये।
बुरे कर्म किसी भी मनुष्य को कदापि नहीं करने चाहिये। हम जो बुरे कर्म करते हैं वह परमात्मा से दण्डनीय होते हैं।
आचार्या जी ने वर्तमान युवा पीढ़ी की बुराईयों पर भी प्रकाश डाला और इस स्थिति पर अपना दुःख व्यक्त किया। आचार्या अन्नपूर्णा जी ने अग्निहोत्र यज्ञ के महत्व और इससे होने वाले लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि यज्ञ की आत्मा वेद मन्त्र के अन्त में स्वाहा शब्द का उच्चारण करना होता है। आचार्या जी ने स्वाहा शब्द के महत्व पर विस्तार से चर्चा भी की।
उन्होंने कहा कि त्याग व समर्पण को स्वाहा कहते हैं। हमें अपने जीवन में यज्ञ से त्याग व समर्पण की प्रेरणा लेनी चाहिये।
आचार्या जी ने फलाईदुबई एयरवेज के विमान में हुई घटना और भारतीय पाइलेट श्री स्मित मच्छार जी के शौर्य की चर्चा व प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि स्मित मछार ने अपने जीवन की परवाह न करके लगभग 180 लोगों की जान बचाई और विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाया।
आचार्या जी ने कहा श्री स्मित मच्छार के इस शौर्यपूर्ण कार्य ने देश को गौरव दिलाया है। उन्होंने जो कार्य किया यह उनमें यज्ञीय भावना होने का प्रमाण है।
यज्ञीय भावना के विपरीत जो भावना होती है वह विध्वंस करने वाली भावना होती है।
आचार्या जी ने कहा कि यज्ञ का प्राण ‘इदन्न मम’ है। इदन्न मम का अर्थ है यह मेरा नहीं है।
संसार में जो पदार्थ हमें प्राप्त हैं वह परमात्मा से हमें मिले हैं। इसका सदुपयोग करने का हमें अधिकार हो।
परोपकार करना प्रत्येक मनुष्य का कर्तव्य होता है। आचार्या जी ने कहा कि संसार में मेरा व हमारा अपना कुछ नहीं है, यह भावना यज्ञ का प्राण होती है।
उन्होंने कहा कि काम, क्रोध और लोभ यह तीन बुरे कर्म नरक में जाने के द्वार व रास्ते हैं। जो मनुष्य काम, क्रोध व लोभ से ग्रस्त होते हैं वह नरकगामी होते हैं।
आचार्या जी ने यह भी बताया कि यज्ञ का सार सुरभि अर्थात् यज्ञों से फैलने वाली सुगन्धित वायु होती है। उन्होंने कहा कि यदि सज्जन व्यक्ति के पास कोई अधिकार होता है तो वह उस अधिकार से अन्यों को सुख व लाभ पहुंचाता है।
उन्होंने कहा कि मनुष्यों में सबसे बड़ा व महत्वपूर्ण ज्ञान परमात्मा व आत्मा के सत्यस्वरूप का यथार्थ ज्ञान होना है। सामाजिक व्यवहारों का ज्ञान भी हमें होना चाहिये।
आचार्या जी ने कहा कि सत्पुरुषों के धन से संसार का कल्याण होता है। हमारे जीवन का आधार हमारे कर्म होते हैं।
उन्होंने कहा अच्छे कर्मों से जीवन महान बनता है और बुरे कर्मों से जीवन बर्बाद होता है। हमें शुद्ध ज्ञान प्राप्त करने के लिये प्रयत्न करने चाहिये।
वेदों के अध्ययन व वैदिक विद्वानों के उपदेशों से ही शुद्ध ज्ञान प्राप्त होता है। वेदों के स्वाध्याय वा अध्ययन से परमात्मा, आत्मा और संसार का यथार्थ स्वरूप जाना जाता है।
आचार्या जी ने बच्चों को अच्छे संसार देने की प्रेरणा की। उन्होंने सत्संग में उपस्थित स्त्री पुरुषों को प्रेरणा करते हुए कहा कि अपने को अपने साथ लेकर आर्यसमाज के सत्संगों में जाया करें।
इससे परिवार, देश व समाज अच्छे बनेंगे।
गुरुकुल पौंधा, देहरादून के यशस्वी आचार्य डा. धनंजय आर्य जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमें सात्विक गुणों से युक्त मनुष्य बनना है। सात्विक गुणों से युक्त जीवन ही मानवता से युक्त जीवन कहला सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि देश और समाज में अच्छे मानव नहीं होंगे तो हमारा देश व समाज भी अच्छा नहीं बन सकता। आचार्य जी ने आगे कहा कि हम अपने जीवन में आदर्शों को छोड़ रहे हैं और दूसरों का झूठा ज्ञान ग्रहण कर रहे हैं।
आचार्य धनंजय जी ने यह बात जेन-जी शब्द के प्रचलन के संदर्भ में कही। आचार्य धनंजय जी ने कहा कि हमारे पास वेद, मनुस्मृति, दर्शन, उपनिषद, गीता आदि सद्ज्ञान के ग्रन्थ हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे पास संसार की सबसे उन्नत भाषा संस्कृत भी है। ऐसी स्थिति में उच्छिष्ट भाषा या भाषाओं का प्रयोग और व्यवहारों को ग्रहण करना दुःखद है।
आचार्य जी ने अंग्रेजी की तुलना में संस्कृत और हिन्दी को उत्तम बताया और संस्कृत सीखने व दैनन्दिन जीवन में हिन्दी भाषा का प्रयोग करने की प्रेरणा की।
आचार्य जी ने कहा कि जेन-जी के आन्दोलन में बच्चों ने जिस अमर्यादित भाषा का प्रयोग देश के प्रधान मंत्री मोदी जी व उनकी माता जी के लिये किया वह अत्यन्त दुःखद है।
उन्होंने कहा कि इस आन्दोलन में बच्चों की भाषा अत्यन्त बिगड़ी हुई, अभद्र एवं अपशब्दों से युक्त देखने को मिली।
आचार्य धनंजय जी ने कहा कि आजकल हमारे परिवारों में 16 वैदिक संस्कारों की मर्यादा देखने को नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि विवाहों में आजकल अनेक कार्य ऐसे किये जाते हैं जो नहीं होने चाहिये।
इस पर उन्होंने दुःख व्यक्त किया। आचार्य जी ने कहा कि जिस ज्ञान व कर्मों से शरीर व आत्मा की शुद्धि हो तथा साथ ही हमारे जीवन में ज्ञान की उन्नति भी हो, हम असत्य कर्मों का त्याग तथा सत्कर्मों का धारण करें उसे संस्कार कहते है।
वेदों एवं वैदिक साहित्य के विद्वान आचार्य धनंजय जी ने कहा कि मनुष्य को उत्तम चिन्तन व वेदानुकूल ग्रन्थों का स्वाध्याय करना चाहिये। आचार्य जी ने बताया कि आजकल बच्चों की स्मरण करने की शक्ति कम हो रही है।
इसका कारण हमारा भोजन एवं वैदिक जीवन शैली के विपरीत जीवन शैली सहित हमारे जीवन व कार्यों का होना है।
आचार्य धनन्जय जी ने अपने व्याख्यान में वैदिक वर्ण व्यवस्था जो गुण, कर्म व स्वभाव पर आधारित थी तथा जिसमें गुण परिवर्तन होकर वर्ण परिवर्तन हुआ करता था, उसके सत्यस्वरूप पर भी प्रकाश डाला।
आचार्य जी ने कहा कि वैदिक वर्ण व्यवस्था में ब्राह्मण, क्षत्रिय एवं वैश्यों की ही भांति शूद्र बन्धु भी देश व समाज की उन्नति के आधार स्तम्भ हुआ करते थे।
वैदिक काल में जन्मना जाति तथा भेदभाव जैसी कोई बात प्रचलित नहीं थी। उन्होंने कहा कि वैदिक वर्ण व्यवस्था में शूद्र बन्धु किसी से छोटे व हीन नहीं होते हैं।
आचार्य जी ने देश की आजादी के लिये बलिदान देने वाले ऋषि दयानन्द के भक्त पं. रामप्रसाद बिस्मिल जी के जीवन एवं कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि बिस्मिल जी ने फांसी के दिन भी जेल में व्यायाम किया था और अपनी अन्तिम इच्छा पूछने पर कहा था कि वह देश से ब्रिटिश साम्राज्य का अन्त चाहते हैं।
आचार्य जी ने कहा कि वर्तमान समय में हमें शिक्षा द्वारा विचारों से गुलाम बनाया जा रहा है। आचार्य धनंजय ने कहा कि हमें युवाओं को जीवन में आई बुराईयों के लिए उन्हें दोष नहीं देना चाहिये।
उनके अनुसार बच्चों को माता-पिता द्वारा दी जाने वाली शिक्षा एवं संस्कारों सहित घर के वातावरण के अनुसार ही बच्चों का जीवन बनता व बिगड़ता है। आचार्य जी ने कहा कि परमात्मा हमारी बुराईयों को दूर करने के लिए हमें शक्ति प्रदान करें।
आचार्य जी ने ऋषि दयानन्द द्व़ारा बताये मार्ग पर चलने की प्रेरणा सभी श्रोताओं को की। उन्होंने कहा कि अपने घरों में सत्यार्थप्रकाश ग्रन्थ लाओं और परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर उसका अध्ययन करें।
उन्होंने कहा कि लघु ग्रन्थ ‘व्यवहार-भानु’ तो सभी बच्चों व बड़ों को अवश्य पढ़ना ही चाहिये। व्यवहार भानु ग्रन्थ को पढ़ने से विद्यार्थी व युवाओं के जीवन की सभी समस्याओं के सत्य समाधान मिलते हैं।
आचार्य धनंजय जी ने सभी श्रोताओं से लघुग्रन्थ ‘आर्योद्देश्यरत्नमाला’ तथा ‘गोकरुणानिधि’ को भी पढ़ने की प्रेरणा की। इन ग्रन्थों से होने वाले लाभों का भी आचार्य जी ने वर्णन किया।
आर्यसमाज के उत्सव में उपस्थित जो बच्चे अपने माता-पिताओं को साथ लाये थे उनको वैदिक साहित्य देकर पुरस्कृत व सम्मानित किया गया। 8 वर्षीय बालक एकाग्र चमोली आर्य ने समारोह में आर्यसमाज के दस नियमों को सुनाया।
वह दसों नियम स्मरण थे। वह आरम्भ से अन्त तक कहीं रूके व अटके नहीं।
श्री शैलेश मुनि सत्यार्थी जी ने उनकी प्रशंसा की उसे आशीर्वाद दिया। इस बालक को भी उत्सव में पुरस्कृत किया गया।
अनेक लोगों ने इस बालक की प्रस्तुति से प्रसन्न होकर उसे धनराशि देकर प्रोत्साहित किया। इसके बाद गुरुकुल के दो ब्रह्मचारियों ने एक भजन प्रस्तुत किया जिसके बोल थे ‘ऋषि दयानन्द जो यहां न आते तो हम पार कैसे होते’।
आज के उत्सव में श्रीमती इन्दुबाला जी भी पधारी थी। उनका सम्बोधन भी श्रोताओं को सुनने को मिला।
उन्होंने कहा कि ओ३म् परमेश्वर का निज नाम है। आर्यसमाज मेरी माता है।
स्वामी दयानन्द जी मेरे पिता हैं। इन दोनों के लिए मेरा जीवन समर्पित है।
मैं आर्यसमाज के इस मंच पर बैठी हूं यह सब आर्यसमाज और ऋषि दयानन्द की कृपा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पं. शैलेश मुनि सत्यार्थी जी के मुख पर सरस्वती विराजमान रहती है।
उनके व्याख्यानों को सुनकर उन्होंने यह अनुभव किया है। वैदिक धर्म में स्त्री व पुरुष दोनों समान हैं।
वैदिक मत के अनुसार स्त्री व पुरुषों दोनों में एक जैसी व समान आत्मा होती है जबकि यूरोप के कुछ लोग कुछ वर्ष पूर्व तक स्त्री में आत्मा को स्वीकार ही नहीं करते थे, अब करने लगे हैं।
श्रीमती इन्दुबाला जी ने पुनर्जन्म की भी चर्चा की और इसे सच्चाई बताया। बहिन इन्दुबाला जी ने कान्वेन्ट स्कूल की पृष्ठभूमि पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
आर्यसमाज के आज के उत्सव में समापन व्याख्यान हरिद्वार-ज्वालापुर के आर्य वानप्रस्थ एवं संन्यास आश्रम से पधारे वैदिक विद्वान आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी का हुआ।
उन्होंने कहा कि पुरोहित आर्यसमाज की रीढ़ हैं। ये शब्द उन्होंने आर्यसमाज लक्ष्मण चौक, देहरादून के विद्वान एवं युवा पुरोहित आचार्य गुरमीत शास्त्री जी के लिये कहे।
आचार्य सत्यार्थी जी ने कहा आर्य समाज सनातन धर्म का चौकीदार है। हम चौकी पर बैठते हैं तो हम भी चौकीदार हैं।
जो जमीन पर बैठा है वह जमींदार है।
आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी ने आर्यसमाज के नियम - संसार का उपकार करना आर्यसमाज का मुख्य उद्देश्य है, की व्याख्या भी की। उन्होंने कहा कि इस संसार में प्राणवायु आक्सीजन के बिना कोई प्राणी जीवित नहीं रह सकता।
वायुमण्डल को शुद्ध करने का विद्वानों व वैज्ञानिकों के पास कोई उपाय नहीं है। आचार्य जी ने कहा कि वैदिक यज्ञ अग्निहोत्र वा हवन करने से वायुमण्डल शुद्ध एवं पवित्र होता है।
यज्ञ करने से सारे संसार का उपकार व कल्याण होता है। यज्ञ के इस महान लाभ की भी आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी ने विस्तार से चर्चा एवं व्याख्या की।
आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी ने कहा कि यज्ञ की समिधा सूखी होनी चाहियें। संसार के सब पदार्थों में गीलापन व आर्द्रता होती है।
केवल अग्नि ही जल से रहित, आर्द्रता से रहित व सूखी होती है। हम जब यज्ञ करते हैं तो अग्नि इस प्रकार से प्रज्जवलित होनी चाहिये की हमारी यज्ञ सामग्री की आहुति तत्काल जल कर वायुमण्डल में फैल जानी चाहिये।
उन्होंने बताया कि परमात्मा यज्ञ में दी गई हमारी आहुति को पुष्ट करने वाला है।
उन्होंने आकाशीय विद्युत की चर्चा कर कहा कि यह विद्युत हमारी यज्ञ में दी गई आहुति के बचे हुए स्थूल पदार्थों व कणों को पूर्णतया सूक्ष्म व भस्म बना देती है और आकाशस्थ वर्षा जल मे मिल जाती है।
आकाशीय वर्षा जल यज्ञ की घूम से मिलकर ओषधीय जल बन जाता है। इस वर्षा जल से मनुष्यों के शारीरिक व मानसिक रोग आदि दूर होते हैं।
वर्षा जल से किसानों की फसलें उत्तमोत्तम ओषधीय गुणों से युक्त होकर उत्पन्न होती हैं। आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी ने कहा इस प्रकार से यज्ञ से सारे संसार का उपकार होता है, इस बात को अनेक युक्तियां एवं तर्कों को देकर श्रोताओं को समझाया।
आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी ने आगे कहा कि मनुष्यों एवं इतर पशु एवं पक्षियों के शरीरों को परमात्मा ने ही बनाया है। हमें अपने शरीरों को स्वस्थ व निरोग रखने के लिये शुद्ध, पवित्र, आयुवर्धक, बलवर्धक, सुखदायक शाकाहारी भोजन ही करना चाहिये।
यदि हम इसका ध्यान रखेंगे तो हम जीवन भर स्वस्थ व निरोग रहेंगे। आचार्य जी ने इस क्रम को जारी रखते हुए कहा कि अपने अपने शरीरों को स्वस्थ व निरोग रखकर ही हम जन्म व मरण से मुक्त होकर मोक्ष तक पहुंच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अपनी आत्मा की उन्नति करने के साथ हमें अपनी शारीरिक उन्नति करना भी हमारा कर्तव्य है, इसका ध्यान रखना चाहिये।
आचार्य जी ने कहा कि योगेश्वर कृष्ण जी में आत्मिक बल सबसे अधिक था। महाभारत के विदुर जी में भी आत्मिक बल था।
हमारा शरीर तथा आत्मा दोनों ही बलवान होनी चाहियें। आचार्य जी ने कहा कि जब दुर्योधन एवं उनके लोगों द्वारा द्रोपदी को निर्वस्त्र करने का अपराध किया जा रहा था तो द्रोपदी ने कृष्ण को याद किया व पुकारा था।
द्रोपदी द्वारा कृष्ण जी को पुकारने पर दुर्योधन मूर्छित हो गया था। इस घटना को आचार्य सत्यार्थी जी ने उदाहरण देकर स्पष्ट व सत्य सिद्ध किया।
आचार्य जी ने कहा कि सामाजिक उन्नति के लिए शारीरिक एवं आत्मिक उन्नति का होना आवश्यक है। उन्होंने उद्घोष कर कहा कि आर्यसमाजों को जीवित रखों।
आचार्य जी ने समारोह में बड़ी संख्या उपस्थित लोगों से अपील की कि वह प्रत्येक सप्ताह अपने बच्चों को आर्यसमाज के रविवारीय सत्संग में ले जाया करें।
इससे बच्चे भी आर्यसमाज से जुड़ेंगे और उनका व देश एवं समाज का भविष्य उज्जवल होगा। उन्होंने यह भी कहा बालक व बालिकायें अर्थात् बच्चे ही हमारी शक्ति एवं भविष्य की आशायें हैं।
अपने व्याख्यान को समाप्त करते हुए आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी ने कहा कि आर्यसमाज जीवित है तो सनातन धर्म भी जीवित है। यदि आर्यसमाज मर गया तो सनातनधर्म भी जीवित नहीं रहेगा।
इन्हीं शब्दों को कहकर आचार्य जी ने अपनी वाणी को विराम दिया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे आर्य पुरोहित पं. गुरुमीत शास्त्री जी ने आचार्य शैलेशमुनि सत्यार्थी जी के प्रेरक उद्बोधन के लिये उनकी प्रशंसा की और धन्यवाद किया।
आज के समारोह में अनेक व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान में 87 वर्षीय समाज के सदस्य श्री आदित्य प्रताप सिंह जी भी सम्मिलित रहे।
समापन भाषण आर्यसमाज लक्ष्मणचौक के प्रधान श्री राज कुमार जी का हुआ। उन्होंने आर्यसमाज की गतिविधियों से सबको अवगत कराया और वार्षिकोत्सव में सहयोग करने वाले सभी बन्धुओं का हृदय से धन्यवाद किया।
आज के कार्यक्रम में प्रमुख व्यक्तियों में श्री प्रेमप्रकाश शर्मा जी, व्यवसायी श्री चन्द्रगुप्त विक्रम जी, श्री राजेन्द्र काम्बोज अधिवक्ता जी, श्रीमती सुषमा शर्मा जी, श्री शत्रुघ्न मौर्य जी, श्री जितेन्द्र सिंह तोमर जी, श्री कृष्ण कुमार अग्रवाल जी, श्री विजयवीर जी, धर्मवीर तलवार जी, कन्या गुरुकुल राजपुर-रोड की आचार्या सन्तोष विद्यालंकार जी, अखिल भारतीय महिला आश्रम, कन्या गुरुकुल तथा महर्षि दयानन्द जूनियर हाईस्कूल के छात्र छात्रायें बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आर्यसमाज के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सबने मिलकर ऋषि लंगर के प्रसाद अर्थात् प्रीतिभोज को ग्रहण किया।
कार्यक्रम सफल रहा। कार्यक्रम में पूरे परिवार के साथ उपस्थित होकर हमें भी प्रसन्नता हुई।
ईश्वर का कार्यक्रम की सफलता के लिये धन्यवाद है। समाज के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य भी इस सफलता के बधाई के पात्र हैं।
ओ३म् शम्।
-मनमोहन कुमार आर्य पताः 196 चुक्खूवाला-2 देहरादून-248001 फोनः09412985121