श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल फुसेवाला में “नशा मुक्त भाई” जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि ”जो भाई नशे से खुद को नहीं बचा सकता, वह अपनी बहन की रक्षा क्या करेगा।“ उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन केवल राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी का पर्व है।
यदि कोई भाई नशे की गिरफ्त में है तो वह न केवल अपने जीवन को बर्बाद करता है, बल्कि अपने परिवार के विश्वास और अपनी बहन के सम्मान की रक्षा करने की क्षमता भी खो देता है।उन्होंने सभी छात्राओं और बहनों से अपील करते हुए कहा कि इस रक्षा बंधन पर वे अपने भाई से केवल उपहार न मांगें, बल्कि एक ऐसा वचन मांगें जो उसके पूरे जीवन को बदल दे।
उन्होंने कहा कि इस बार हर बहन अपने भाई से एक ही वचन ले कि वह जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेगा।
रक्षाबंधन का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब हर भाई अपनी बहन को यह विश्वास दिलाए कि वह नशे जैसी बुराई से हमेशा दूर रहेगा और अपने चरित्र, संस्कार और जिम्मेदारी से उसकी रक्षा करेगा।प्रिंसिपल श्री जितेंद्र कौर ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति का स्वास्थय ही नहीं बिगाड़ता, बल्कि परिवार की खुशियां, माता-पिता के सपने और बहनों का विश्वास भी छीन लेता है।
इसलिए प्रत्येक युवा का पहला कर्तव्य स्वयं को नशे से दूर रखना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को श्री प्रवीण कुमार व श्री सहीराम द्वारा सामूहिक रूप से संकल्प दिलाया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, अपने मित्रों और परिवार को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा अपने गांव और समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।