उदयपुर । विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर 2026 के अवसर पर झीलों की नगरी उदयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने और जन-जागरूकता के उद्देश्य से प्रताप गौरव केंद्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' और 'राजस्थान होटलियर क्लब' के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

प्रताप गौरव केंद्र के पद्मिनी सभागार में प्रातः 9:30 बजे से 11:00 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उदयपुर के समृद्ध इतिहास, शौर्य और कला-संस्कृति से पर्यटकों व आम नागरिकों को जोड़ना है।

आयोजन के दौरान वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना मेवाड़ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालेंगे, वहीं राजस्थान होटलियर क्लब के प्रतिनिधि रजनीकांत शर्मा पर्यटन क्षेत्र के विस्तार, नए आयामों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।

पर्यटन दिवस को यादगार बनाने के लिए प्रताप गौरव केंद्र में आने वाले सभी पर्यटकों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया जाएगा।

इसके साथ ही अतिथियों व आगंतुकों के लिए जलपान एवं अल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई है। नागरिकों और पर्यटकों को अपनी ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ने तथा पर्यटन को सुलभ बनाने के लिए इस अवसर पर प्रवेश शुल्क में विशेष छूट दी जा रही है।

₹200 का प्रवेश टिकट पर्यटकों को मात्र ₹150 में उपलब्ध कराया जाएगा।