उदयपुर। जिला अल्पसंख्यक एवं कल्याण विभाग उदयपुर द्वारा संचालित राजकीय अल्पसंख्यक बालिका आवासीय विद्यालय, नयाखेड़ा, उदयपुर की छात्राओं ने कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 वीं जिला स्तरीय विद्यालयी कुश्ती खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में कुल आठ पदक अपने नाम किए। छात्राओं ने दमखम दिखाते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्रीमती खुशबू शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के 14 वर्ष आयु वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में कक्षा 8 की छात्रा शेर बानू ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 8 की रहनुमा बानू ने 46 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने बताया कि दोनों ही छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ हैं जो दिनांक 01अक्टूबर से उदयपुर में आयोजित होगी ।

अरिना ने 14 वर्ष आयु वर्ग के 33 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया, जबकि महीनूर ने 30 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। श्रीमती शर्मा ने बताया कि छात्राओं की सफलता में विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका श्रीमती शबाना खान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उन्होंने छात्राओं को नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रतियोगिता की तैयारी कराई। इसी क्रम में मनतशा खान ने 17 वर्ष आयु वर्ग के 42 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

इरम ने भी 17 वर्ष आयु वर्ग में कांस्य पदक , 19 वर्ष में सुहाना एवं मुस्कान ने भी क्रमशः 55 व 59 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों ने पदक विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्रीमती शर्मा ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।