GMCH STORIES

आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

( Read 509 Times)

21 Jun 26
Share |
Print This Page

आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ के 21वें कल्याण महाकुंभ के जनजागरण के लिए ज्येष्ठ शुक्ल सप्तमी रविवार को निकाली गई आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। वेदपीठ के प्रवक्ता ने बताया कि कल्याणनगर वासियों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र एवं दूर-दराज के कल्याण भक्तों के पदयात्रा में शामिल होने से पूरे मार्ग में भक्तों का रैला दिखाई दिया। सभी श्रद्धालुओं को प्रातः 4:00 बजे ठाकुर जी के दर्शन करवाकर पदयात्रा में भागीदारी का आग्रह किया गया, लेकिन कई श्रद्धालु मध्यरात्रि में ही रवाना होकर सूर्योदय के साथ शक्ति और भक्ति की नगरी में पहुंच गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का रैला 9:00 बजे तक नेहरू उद्यान पहुंचा, जहां सभी को अल्पाहार कराने के बाद बैंड-बाजों और मालवी ढोल के साथ शोभायात्रा निकाली गई। नेहरू उद्यान के समीप कई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पेंशनर समाज, वरिष्ठ नागरिक मंच सहित धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा जन-जन के आराध्य ठाकुर श्री कल्लाजी के रथ की पूजा-अर्चना कर सर्वत्र अच्छी वर्षा और खुशहाली की कामना की। यह शोभायात्रा बैंड-बाजों की मधुर धुन और मालवी ढोल की थाप पर नाचते-गाते, ठाकुर जी के जयकारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, सुभाष चौक, गोल प्याऊ, सदर बाजार, गांधी चौक, मिठाई बाजार, लक्ष्मीनाथ मंदिर होते हुए पाण्डव पोल पहुंची।

दुर्गराज का चरण पूजन

वेदपीठ की परम्परानुसार पदयात्रियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा दुर्गराज की चरण पूजा में बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना के साथ मेवाड़ के वीर-वीरांगनाओं को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान दुर्ग की चरण पूजा वेदपीठ के आचार्यों, बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ करवाई गई। सभी पदयात्री द्वितीय दरवाजे के बाद स्थित ठाकुर श्री कल्लाजी और जयमल जी की छतरी पर लोक देवताओं की ओर से श्रद्धालुओं द्वारा कल्याण रथ की पूजा की गई। वहीं ठाकुर जी के रथ की ओर से जयमल-कल्लाजी की पूजा-अर्चना कर सर्वत्र खुशहाली की कामना की गई। सभी पदयात्री दर्शन कर स्काउट गाइड मुख्यालय पहुंचे, जहां से भोजन के उपरान्त सभी पदयात्रियों को बस द्वारा कल्याण नगरी के लिए रवाना किया गया।

जगह-जगह हुआ स्वागत

आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा का जेके चौराहा, शारदा फिलिंग स्टेशन, पांडेय रोड लाइंस, सतखण्डा, भावलिया के साथ ही शंभूपुरा में माहेश्वरी समाज, श्याम रंगीला भजन मित्र मंडल, अरनियापंथ, पलोड़, जागेटिया एवं कोठारी परिवार, न्यायिक कर्मचारी संघ, बार एसोसिएशन, तेनगरिया परिवार, श्री छपनिया भैरू सेवा समिति, मीरा स्मृति संस्थान, फीट क्लब,अम्बा माता सेवा समिति, सोनी एवं मूंदड़ा परिवार, भाटिया एण्ड कंपनी, काली कल्याण धाम सेंती, शर्मा परिवार, ओछड़ी के ग्रामीणों सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक संगठनों द्वारा मार्ग में जगह-जगह पदयात्रियों के स्वागत के साथ ही रथ की पूजा की गई। वहीं शक्ति एवं भक्ति की पावन धरा पर प्रवेश के साथ ही धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा पग-पग पर ठाकुर रथ व पदयात्रियों का पलक-पांवड़े बिछाकर स्वागत किया। इस दौरान नगर के जनप्रतिनिधियों ने भी ठाकुर श्री की पूजा-अर्चना की। जिनमें सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष बद्रीलाल जाट, फीट क्लब के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया एवं टीम, विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या एवं उनके सहयोगी, उपनिदेशक पशुपालन डॉ. सुमेरसिंह सहित कई व्यापारियों ने भी मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर आत्मिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

दुर्ग का चरण पूजन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा

सभी पदयात्रियों ने दुर्गराज को नमन करते हुए पवित्र माटी का तिलक लगाकर यहां बाग सिंह जी की छतरी पर पूजा कर समस्त पदयात्रियों ने दुर्गराज के चरणों की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर कल्लाजी व जयमल जी की छतरी पर दर्शन किए। जहां पुजारियों व महंतों द्वारा ठाकुरजी के रथ की पूजा-अर्चना कर सर्वत्र खुशहाली की मनोकामना की तथा वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना की। इस बीच ठाकुरजी की ओर से भी दोनों छतरियों पर पूजा-अर्चना की।

नन्हे वीर-वीरांगनाओं ने किया शौर्य का प्रदर्शन

कल्लाजी के रणबांकुरों के रूप में नन्हें वीर-वीरांगनाओं व शक्ति ग्रुप ने तलवारबाजी की तथा मुग्दल के साथ मार्ग में जगह-जगह हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों को अचंभित कर दिया। मालवी ढोल की ताल पर अखाड़े का प्रदर्शन देख लोग दाँतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर हो गए।

फोटो 1 पदयात्रा में भाग लेते हुए बटुक व वीर-वीरांगनाएं। फोटो 2, 3 पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु। फोटो 4 शक्ति प्रदर्शन करती बाल वीरांगनाएं। फोटो 5 दुर्ग का चरण पूजन करते हुए भक्तगण। फोटो 6 कल्लाजी की पूजा-अर्चना करते वेदपीठ के पदाधिकारी व आचार्य।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like