उदयपुर। उद्योगों में वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को अपनाने, कचरे से ऊर्जा उत्पादन (Waste to Energy) को बढ़ावा देने तथा कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करने हेतु आधुनिक एवं सतत तकनीकों को अपनाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। यह विचार सांसद एवं Re Sustainability Limited (ReSL) के संस्थापक माननीय श्री अयोध्या रामि रेड्डी ने उदयपुर में UCCI द्वारा आयोजित बैठक के दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि उद्योगों को रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (RDF) से ऊर्जा रूपांतरण, कचरे से ऊर्जा संयंत्रों, कार्बन फुटप्रिंट कम करने की रणनीतियों, तथा आधुनिक अपशिष्ट जल उपचार (STP/ETP/CETP) प्रणालियों के बारे में व्यापक रूप से शिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि UCCI एवं UIWM&RC के प्रतिनिधिमंडल को मुंबई, दिल्ली एवं हैदराबाद में स्थापित वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं का अध्ययन दौरा करना चाहिए, ताकि उद्योगों और नगर निकायों के लिए सर्वोत्तम एवं व्यवहारिक मॉडल अपनाए जा सकें।
उन्होंने फ्यूजिटिव वेस्ट मैनेजमेंट प्रैक्टिसेस (Fugitive Waste Management Practices) पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि अनियंत्रित कचरा उत्सर्जन, खुले में कचरा फैलाव तथा धूल एवं गैस उत्सर्जन को नियंत्रित करने हेतु नगर निगम को विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए तथा शहरी एवं औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए स्पष्ट एवं व्यावहारिक दिशा-निर्देश (Guidelines) जारी किए जाने चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य और ऊर्जा संसाधनों के पुनः उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन एवं ऊर्जा उत्पादन के लिए शहरी विकास विभाग एवं नगर निगम को संयुक्त रूप से एक समग्र प्रस्ताव तैयार कर माननीय मुख्यमंत्री को प्रस्तुत करना चाहिए, जिससे राज्य में स्थायी, आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली लागू की जा सके।
इस अवसर पर माननीय अतिथि श्री अयोध्या रामि रेड्डी का स्वागत UCCI के पूर्व अध्यक्ष श्री अरविंद सिंघल द्वारा किया गया। UCCI के संरक्षक श्री बी.एच. बापना ने भी बैठक में महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। बैठक की अध्यक्षता एवं मुख्य बिंदुओं का संज्ञान UCCI के अध्यक्ष श्री मनीष गलुंडिया द्वारा लिया गया। कार्यक्रम का परिचय UIWM&RC के कार्यकारी अध्यक्ष श्री कोमल कोठारी ने प्रस्तुत किया।
बैठक में श्री हंसराज चौधरी, श्री अनिल मेहता, श्री जे.एस. काम्योत्रा (पूर्व सदस्य सचिव, CPCB), श्री अनिल मिश्रा (जेके इंडिया), श्री पी.एस. तलेसरा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में UCCI के अध्यक्ष श्री मनीष गलुंडिया ने समापन उद्बोधन दिया एवं ज्ञापन प्रस्तुत किया।