नई दिल्ली। नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री एवं अणुव्रत संसदीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक अर्जुनराम मेघवाल ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट-2026 (ACC-2026) के पोस्टर का लोकार्पण किया।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी द्वारा “हमारी ताकत – हमारा परिवार” विषय पर आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दूगड़ ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि ACC-2026 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, रचनात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व को विकसित करने का राष्ट्रव्यापी अभियान है।
उन्होंने अणुव्रत के तीर्थस्थल लाडनूं (राजस्थान) में अणुव्रत संसदीय मंच के सांसदों की संगोष्ठी आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा। इस पर केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि अणुव्रत के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
मेघवाल, जो जैन विश्व भारती संस्थान (डीम्ड यूनिवर्सिटी), लाडनूं के कुलाधिपति भी हैं, ने अणुविभा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि परिवार भारतीय संस्कृति की मूल इकाई है। विद्यार्थियों में पारिवारिक मूल्यों और नैतिक संस्कारों का विकास राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और संस्कारों का समन्वय ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
कार्यक्रम में ACC-2026 की पर्यवेक्षक एवं अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कुसुम लुनिया ने प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सकारात्मक दिशा प्रदान करेगी तथा उनमें अनुशासन, नैतिकता, पारिवारिक जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत बनाएगी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली विधानसभा की तर्ज पर राजस्थान विधानसभा में भी अणुव्रत विधायक मंच के गठन के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य बाबूलाल दूगड़ एवं एडवोकेट प्रेक्षा दूगड़ भी उपस्थित रहे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को प्रतियोगिता से संबंधित सामग्री भेंट कर उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
ACC-2026 का संदेश स्पष्ट है — सशक्त परिवार ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की पहचान है।