GMCH STORIES

ग्रीनफील्ड रिफाइनरी लोकार्पण का सीधा प्रसारण

( Read 8704 Times)

04 Jul 26
Share |
Print This Page
ग्रीनफील्ड रिफाइनरी लोकार्पण का सीधा प्रसारण

उदयपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में बालोतरा से आयोजित देश की महत्वपूर्ण ग्रीनफील्ड रिफाइनरी के लोकार्पण समारोह एवं मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का सीधा प्रसारण शनिवार को उदयपुर सहित पूरे जिले में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच देखा गया। नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नव नियुक्त कार्मिक एवं आमजन उपस्थित रहे। जिले के प्रत्येक ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने भी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने का अवसर प्राप्त किया।

जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी रहे। वहीं राज्य सभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, समाजसेवी गजपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। वहीं संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवल रमानी, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, एडीएम (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम (सिटी) जितेंद्र ओझा, जिला परिषद के एसीईओ विरमाराम, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिभा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रारंभ में मुख्य अतिथि सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिले के डेढ़ हजार से अधिक नव नियुक्त कार्मिकों का वेलकम किट देकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने मंच पर पांच नव नियुक्त कार्मिकों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूरे सभागार में नव नियुक्त कार्मिकों के उत्साह और उल्लास का विशेष माहौल देखने को मिला।

राजस्थान विकास, सुशासन और रोजगार सृजन के नए युग में प्रवेश कर चुका - श्री खराड़ी
समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि राजस्थान विकास, सुशासन और रोजगार सृजन के नए युग में प्रवेश कर चुका है। राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बालोतरा रिफाइनरी का लोकार्पण प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय है, जबकि रोजगार उत्सव युवाओं के सपनों को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ आमजन की सेवा करने का आह्वान किया।

राज्य सभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान में विकास कार्यों को नई गति मिली है। रोजगार उत्सव युवाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करने वाला अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त कार्मिक अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन कर जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना किसी भी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है और आज का यह आयोजन उसी संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बालोतरा रिफाइनरी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और सेवा भाव से शासन-प्रशासन की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ बनाएंगे। समारोह को विधायक श्री मीणा सहित अन्य ने भी संबोधित किया। अंत में नव नियुक्त कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी अतिथियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेश के विकास और जनकल्याण के संकल्प को मिलकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like