GMCH STORIES

डेजर्ट क्लब में टेनिस खेल का ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर होगा आयोजित

( Read 362 Times)

25 Mar 26
Share |
Print This Page
डेजर्ट क्लब में टेनिस खेल का ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर होगा आयोजित

         जैसलमेर। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से डेजर्ट क्लब में टेनिस खेल का ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय हाल ही में डेजर्ट क्लब की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला कलक्टर एवं क्लब अध्यक्ष द्वारा की गई।

       बैठक में यह निर्णय लिया गया कि डेजर्ट क्लब का उपयोग प्राथमिक रूप से खेल गतिविधियों के लिए ही सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं वातावरण उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में टेनिस खेल के लिए बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए विशेष ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 1 मई 2026 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। 

        शिविर का संचालन प्रतिदिन दो सत्रों में किया जाएगा। प्रातःकालीन सत्र सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक एवं सायंकालीन सत्र शाम 5:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित होगा। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों के लिए फ्लड लाइट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सायंकालीन सत्र में बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके।

          डेजर्ट क्लब के पदेन सचिव एवं जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से जैसलमेर जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक सिंथेटिक टेनिस कोर्ट पर खेलने एवं अभ्यास करने का उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होगा, जो सामान्यतः सीमित खिलाड़ियों को ही उपलब्ध हो पाता है। शिविर के दौरान अनुभवी एवं प्रशिक्षित कोच द्वारा खिलाड़ियों को टेनिस की बारीकियों, तकनीकी कौशल एवं प्रतिस्पर्धात्मक रणनीतियों का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

      उन्होंने बताया कि यह शिविर न केवल खिलाड़ियों के शारीरिक एवं तकनीकी विकास में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार करेगा। साथ ही, खेल के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

         जिला प्रशासन एवं डेजर्ट क्लब द्वारा शहरवासियों एवं अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने बालक-बालिकाओं को अधिकाधिक संख्या में इस प्रशिक्षण शिविर से जोड़ें। यह शिविर न केवल खेल कौशल को निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा, बल्कि खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का भी विकास करेगा।

        इस पहल के माध्यम से जैसलमेर जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिलेगा, जिससे वे प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर जिले का गौरव बढ़ा सकें।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like