GMCH STORIES

जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित

( Read 384 Times)

27 May 26
Share |
Print This Page
जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित

जैसलमेर। मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न बैंकों के वित्तीय प्रदर्शन, ऋण वितरण, सरकारी प्रायोजित योजनाओं की प्रगति एवं सेवा गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में ऋण स्वीकृति के बाद नियत समय पर ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थी शीघ्र स्वरोजगार प्रारम्भ कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने अग्रणी बैंक अधिकारी को निर्देशित किया कि बैंकवार प्रेषित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर संबंधित शाखा प्रबंधकों को समयबद्ध ऋण वितरण के लिए पाबंद करें।

उन्होंने जिले में विभिन्न सेक्टरों में अधिकाधिक ऋण वितरण कर भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के अनुरूप साख जमा अनुपात बनाए रखने पर बल दिया। बैठक में अग्रणी बैंक अधिकारी कमलसिंह खीची ने जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2026 तक जिले का साख जमा अनुपात संतोषजनक एवं बेहतर स्थिति में रहा है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने राजीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते शीघ्र खोलने एवं क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से महिला समूहों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रभारी गोविंद सिंह ने स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरण में शिथिलता बरतने वाले बैंकों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने एवं एसएचजी बचत खातों में विशेष प्रयास कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंकर्स को इन योजनाओं में बेहतर परिणाम देने के निर्देश प्रदान किए गए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जिले में कृषि एवं पर्यटन क्षेत्र की अपार संभावनाओं को देखते हुए इन क्षेत्रों में अधिकाधिक ऋण वितरण करने तथा मुद्रा योजना के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं एवं आमजन को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया।

अग्रणी बैंक अधिकारी कमल सिंह खीची ने वार्षिक ऋण योजना वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे सरकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए समय पर ऋण वितरण सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि बैंकों ने मार्च तिमाही तक वार्षिक साख योजना के लक्ष्यों के विरुद्ध 109.09 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित की है। साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना (BRUPY), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना (VKYUPY), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (MYSY) तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi) की प्रगति की समीक्षा कर आमजनहित में बेहतर कार्य करने के लिए बैंकर्स का उत्साहवर्धन किया गया।

जिला उद्योग केन्द्र जैसलमेर की महाप्रबंधक संतोष कुमारी ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक प्रदीप कुमार ने नाबार्ड की योजनाओं एवं प्री-पीएलपी पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को समय पर कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में आरसेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर विभिन्न बैंकर्स, विभागीय अधिकारी एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के प्रबंधक अशोक कुमार गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like