GMCH STORIES

रामदेवरा में राम सरोवर तालाब पर आयोजित हुआ ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम, जल संरक्षण का दिया गया संदेश

( Read 316 Times)

29 May 26
Share |
Print This Page

रामदेवरा में राम सरोवर तालाब पर आयोजित हुआ ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम, जल संरक्षण का दिया गया संदेश

            जैसलमेर । राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति सांकड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामदेवरा में स्थित ऐतिहासिक राम सरोवर तालाब पर ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

         कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय से मनोनीत प्रतिनिधि निकिता मेहरा, पंचायत समिति सांकड़ा के विकास अधिकारी हनुमानराम तथा रामदेवरा सरपंच समंदरसिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, ग्रामीणजन, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

        कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पीपल पूजन एवं कलश यात्रा से हुई। इसके पश्चात राम सरोवर तालाब की विधिवत पूजा-अर्चना कर जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। उपस्थित जनसमूह ने जल को जीवन का आधार बताते हुए इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

         इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मरुस्थलीय क्षेत्र में जल का महत्व अत्यधिक है एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने वर्षा जल संग्रहण, पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

       कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा जल बचाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प करवाया गया।

        ग्रामीणों एवं महिलाओं ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के माध्यम से जल बचाओ, पर्यावरण बचाओ एवं जन-जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like