जैसलमेर । राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, जैसलमेर में स्वच्छता, श्रमदान एवं संकल्प शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यालय परिसर में एक घंटे का विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।
सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान ने बताया कि अभियान के दौरान कार्यालय परिसर, विभिन्न कक्षों, अभिलेख अनुभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान”केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा जन-जागरूकता अभियान है। जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग एवं स्वच्छता जैसे विषयों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे जल बचत, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्मिकों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ लेते हुए अपने घर, कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प व्यक्त किया।
अभियान के माध्यम से कार्यालय कार्मिकों ने यह संदेश दिया कि सामूहिक सहभागिता एवं जनसहयोग से ही जल संरक्षण एवं स्वच्छता के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है। जिले में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026”के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न जनजागरूकता एवं श्रमदान आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।