जैसलमेर । राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा जिले भर में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विभिन्न पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान (एमजेएसए) के तहत निर्मित जल संरक्षण संरचनाओं का अवलोकन कर ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत पंचायत समिति भणियाणा की ग्राम पंचायत मेकूबा, पंचायत समिति सम की ग्राम पंचायत दामोदरा, पंचायत समिति जैसलमेर की ग्राम पंचायत बड़ा बाग, पंचायत समिति नाचना की ग्राम पंचायत छायण, पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत झिनझिनयाली, पंचायत समिति मोहनगढ़ की ग्राम पंचायत नेहड़ाई तथा पंचायत समिति सांकड़ा की ग्राम पंचायत केलावा में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत निर्मित टांकों, फार्म पॉण्ड, एमपीटी एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में जल चेतना रैलियों के माध्यम से ग्रामीणों को जल बचत का संदेश दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेते हुए जल शपथ ग्रहण की। साथ ही “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत पौधारोपण एवं उसकी अग्रिम तैयारियों की समीक्षा की गई। विभिन्न स्थानों पर श्रमदान कर जल स्रोतों की साफ-सफाई की गई तथा जल चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण एवं जल संसाधनों के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री कार्यालय जयपुर से नियुक्त पर्यवेक्षक निकिता मेहरा ने पंचायत समिति भणियाणा में आयोजित गतिविधियों में सहभागिता कर जल संरक्षण कार्यों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को जल बचाने एवं जल संरचनाओं के संरक्षण हेतु प्रेरित किया। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय जयपुर से नियुक्त पर्यवेक्षक लक्ष्मी शर्मा ने पंचायत समिति जैसलमेर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की।
पंचायत समिति जैसलमेर में आयोजित कार्यक्रम में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला संयोजक कंवराज सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता समुन्द्र सिंह एवं कनिष्ठ अभियंता धनराज मीणा ने सहभागिता करते हुए अभियान की विभिन्न गतिविधियों का नेतृत्व किया। वहीं, पंचायत समिति भणियाणा में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि इलियास खां, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड कौशल पालीवाल, विकास अधिकारी हनुमानराम, अधिशासी अभियंता अरुण पटेल तथा कनिष्ठ अभियंता विजय मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इसी प्रकार पंचायत समिति सम में आयोजित कार्यक्रम में कनिष्ठ अभियंता आदित्य गुर्जर तथा पंचायत समिति फतेहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में सहायक अभियंता श्रीकांत एवं कनिष्ठ अभियंता गजेन्द्र जोनवाल सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत जिले में निरंतर जनसहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन कर जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता का वातावरण निर्मित किया जा रहा है।