GMCH STORIES

नगर जनगणना अधिकारी ने किया क्षेत्रीय निरीक्षण, 70 से 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण

( Read 449 Times)

30 May 26
Share |
Print This Page
नगर जनगणना अधिकारी ने किया क्षेत्रीय निरीक्षण, 70 से 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण

      जैसलमेर । जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण में संचालित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को लेकर जैसलमेर नगर परिषद क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार नगर परिषद जैसलमेर में जनगणना सेल का गठन कर कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है।

       नगर जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त नगर परिषद जैसलमेर लजपाल सिंह सौढ़ा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण के उपरांत 16 सुपरवाइजर एवं 93 प्रगणकों को हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) आवंटित किए गए हैं। इनके माध्यम से 16 मई से प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ किया गया, जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है।

       उन्होंने बताया कि शनिवार को चार्ज जनगणना क्षेत्र के अंतर्गत सुपरवाइजर आशा छंगाणी को आवंटित एचएलबी संख्या 36, 37, 40, 41 एवं 42 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का अवलोकन किया गया।

       निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित प्रगणकों एवं सुपरवाइजर द्वारा कार्य अत्यंत व्यवस्थित एवं संतोषजनक ढंग से किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में लगभग 70 से 80 प्रतिशत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जो जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के प्रति कार्मिकों की प्रतिबद्धता एवं दक्षता को दर्शाता है।

        नगर जनगणना अधिकारी ने कार्य में लगे कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं एवं नीतिगत निर्णयों का आधार होती है। ऐसे में प्रत्येक प्रगणक एवं सुपरवाइजर की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित कार्मिकों से निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया।

 

       स्वर्णनगरी जैसलमेर में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक परिवार एवं भवन से संबंधित जानकारी का सही एवं सटीक संकलन हो सके।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like