GMCH STORIES

शहरी सेवा शिविर-2026 में आमजन को मिली बड़ी राहत

( Read 307 Times)

16 Jun 26
Share |
Print This Page
शहरी सेवा शिविर-2026 में आमजन को मिली बड़ी राहत

        जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित, सरल एवं पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत नगर सुधार न्यास, जैसलमेर द्वारा विभिन्न लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही तथा समय एवं धन दोनों की बचत हो रही है।

     शिविर के प्रथम दिवस 12 जून 2026 को कुल 5 पट्टे एवं 7 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण कर संबंधित आवेदकों को दस्तावेज जारी किए गए। वहीं द्वितीय दिवस दिनांक 15/05/2026 को 5 पट्टे एवं 1 भवन निर्माण स्वीकृति (बिल्डिंग परमिशन) जारी की गई। इसके अतिरिक्त आज दिनांक 16/05/2026 को भी 6 पट्टे जारी कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई। इस प्रकार मात्र तीन दिनों में कुल 16 पट्टे, 7 नामांतरण एवं 1 भवन स्वीकृति जारी कर आमजन को त्वरित सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

     न्यास प्रशासन द्वारा शिविर में प्राप्त प्रकरणों का तत्काल परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं समस्त औपचारिकताएं शीघ्रता से पूर्ण की जा रही हैं। इसके परिणामस्वरूप अनेक नागरिकों को वर्षों से लंबित कार्यों का समाधान एक ही दिन में प्राप्त हुआ है। शिविर के प्रति आमजन में उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में नागरिक अपने प्रकरणों के निस्तारण हेतु पहुंच रहे हैं।

      लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव

     शिविर में लाभान्वित हुई भव्या गदड़िया, पुत्री श्री शिवरतन गदड़िया ने बताया कि उन्हें जनवरी 2026 में आवास का आवंटन प्राप्त हुआ था तथा उन्होंने मांगपत्र के अनुसार समस्त राशि न्यास कोष में जमा करवा दी थी। नौकरी की तैयारी एवं कोचिंग में व्यस्त रहने के कारण उन्हें आशंका थी कि पट्टा प्राप्त करने की प्रक्रिया में काफी समय लगेगा। समाचार पत्र के माध्यम से एव न्यास द्वारा प्राथिया को सूचित करने पर शहरी सेवा शिविर की जानकारी मिली। उन्होंने शिविर में ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया। न्यास प्रशासन द्वारा उसी दिन समस्त कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें आवास का कब्जा एवं पट्टा प्रदान कर दिया गया। उन्होंने इस पहल को अत्यंत जनहितकारी बताते हुए माननीय मुख्यमंत्री एवं न्यास प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

     इसी प्रकार सवाई सिंह, पुत्र प्रेम सिंह ने बताया कि उन्हें अगस्त 2025 में आवास आवंटित हुआ था तथा उन्होंने निर्धारित राशि जमा करवा दी थी। निजी नौकरी में कार्यरत होने के कारण उनके लिए बार-बार कार्यालय आना कठिन था। उन्हें यह भी चिंता थी कि कार्यवाही में कई दिन लग सकते हैं तथा बार-बार अवकाश लेने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। शहरी सेवा शिविर की जानकारी प्राप्त होने पर उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया और उन्हें उसी दिन आवास का कब्जा एवं पट्टा प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि जिस कार्य के लिए कई दिनों की भागदौड़ की आशंका थी, वह कार्य एक ही दिन में पूर्ण हो गया।

   वहीं पारस मल, पुत्र भाखर मल ने बताया कि फरवरी 2025 में आवास आवंटित होने के पश्चात उन्होंने समस्त राशि जमा करवा दी थी और पट्टा प्राप्त करने की प्रतीक्षा कर रहे थे। एक सरकारी कर्मचारी होने के कारण उनके लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाना कठिन था। उन्हें आशंका थी कि प्रक्रिया लंबी होने पर व्यवसाय प्रभावित होगा तथा अतिरिक्त आर्थिक व्यय भी वहन करना पड़ सकता है। शहरी सेवा शिविर में ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने पर न्यास प्रशासन ने उसी दिन उनके प्रकरण का निस्तारण करते हुए आवास का कब्जा एवं पट्टा प्रदान कर दिया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर त्वरित सेवाएं उपलब्ध होना राज्य सरकार की अत्यंत सराहनीय एवं जनकल्याणकारी पहल है।

     प्रशासनिक सेवाओं में बढ़ा विश्वास

     शिविर में प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि राज्य सरकार की यह पहल आमजन को राहत पहुंचाने में प्रभावी सिद्ध हो रही है। नागरिकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से न केवल समय एवं धन की बचत हो रही है, बल्कि सरकारी सेवाओं के प्रति उनका विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है। त्वरित निस्तारण, पारदर्शी प्रक्रिया एवं नागरिक हितों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था से आमजन में संतोष का वातावरण है।

     न्यास सचिव सुखाराम पिंडेल ने आमजन से अपील की है कि वे शहरी सेवा शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अपने लंबित प्रकरणों के निस्तारण हेतु आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में उपस्थित होकर सेवाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की मंशानुरूप आमजन को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके कार्यों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए न्यास प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like