जैसलमेर । पशु बाहुल्य जैसलमेर जिले में राज्य सरकार द्वारा चलाई गई मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना वरदान सिद्व हो रही है एवं पशुपालकों को सुरक्षा कवच मिलने से उनके जीवन में चिंता की लकीरे हमेशा के लिये समाप्त हो गई है। ऐसा ही नजारा ग्राम पंचायत पदमपुरा में आयोजित शिविर में देखा गया जिसमें पशुपालक श्रीमती धापू पत्नी विशनाराम को गाय की मृत्यु पर 40 हजार रुपये, श्रीमती समदा पत्नी भींयाराम को 30 हजार रुपये तथा श्रीमती जमना पत्नी पन्नाराम को बकरी की मृत्यु पर 4 हजार रुपए की बीमा क्लेम राशि की सहायता मिला। यह शिविर इन पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच की सौगात दे गया।
पदमपुरा शिविर में विकास अधिकारी भणियांणा हनुमानाराम, प्रशासक प्रेम गौदारा तथा पशु चिकित्सक डॉ. वीरेन्द्र गुर्जर ने श्रीमती धापू, श्रीमती समदा व श्रीमती जमना को प्रतिकात्मक बीमा क्लेम राशि के चैक प्रदान किए तो उनके चेहरों पर खुशी छा गई एवं कहा कि सरकार की इस योजना के बदौलत हमारे जैसे गरीब पशुपालकों को कितना बड़ा सम्बल मिल रहा है। उन्होंने रुहांसेे गले से उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके गाय की मृत्यु पर परिवार को क्षति हुई लेकिन आज जब बीमा सहायता राशि मिली तो उससेे सम्बल मिला कि वे पुनः गाय की खरीद कर परिवार का संचालन आसानी से कर पायेगी। इस प्रकार पदमपुरा का शिविर इन पशुपालकों के लिए वरदान साबित हुआ एवं बीमा योजना का लाभ मिला।
बुजुर्ग देवाराम की चार माह की बंद हुई पेंशन चालु मिली राहत
शिविर में पदमपुरा निवासी बुजुर्ग देवाराम की चार माह से पेंशन बंद हो गई थी, उन्होंने शिविर में इस संबंध में विकास अधिकारी को प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया। विकास अधिकारी हनुमानाराम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही इसके बारे में पूरी जांच करवाई तो पाया कि सत्यापन के अभाव में उसकी पेंशन बंद हो गई थी। इस सम्बन्ध में ऑनलाईन संपूर्ण कार्यवाही कर देवाराम की पेंशन पुनः चालु कर दी गई। इस प्रकार देवाराम के लिए भी यह शिविर लाभदायी रहा।