नाथद्वारा / साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा द्वारा आगामी 5 से 7 जनवरी 26 को नाथद्वारा में " श्री भगवती प्रसाद देवपुरा स्मृति एवं राष्ट्रीय बाल साहित्य - सांस्कृतिक कार्यक्रम" का आयोजन भगवती प्रसाद देवपुरा प्रेक्षागृह में किया जाएगा। कार्यक्रम में स्व. भगवती प्रसाद देवपुरा के व्यक्तित्व, कृतित्व और साहित्यिक योगदान पर संगोष्ठी, बाल साहित्य विषयों पर आलेख वाचन, पुस्तकों का विमोचन, कवि सम्मेलन, पुस्तक प्रदर्शनी, बाल साहित्यकारों के सम्मान के साथ -साथ बृज रत्न वंदनाश्री द्वारा नानी बाई का मायरा की संगीतमय दृश्यात्मक प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगा।
साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा के प्रधानमंत्री श्याम प्रकाश देवपुरा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि स्व.भगवती प्रसाद देवपुरा की बारहवीं पुण्यतिथि के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम में देश के 11 राज्यों बिहार, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, कर्नाटक एवं छत्तीसगढ़ से 107 बाल साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 58 बाल साहित्यकारों को उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए नकद पुरस्कार और मानद अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 49 बाल साहित्यकार ऐसे हैं जिन्होंने भारतीय त्यौहार विषय पर साहित्य मंडल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय बाल कहानी , कविता प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 22 बच्चों ने भी सफलता प्राप्त की है