GMCH STORIES

कोटा रेंज के नए आईजी हरेंद्र महावर ने संभाला पदभार, चाकूबाजी और साइबर क्राइम पर सख्ती के संकेत

( Read 365 Times)

22 May 26
Share |
Print This Page
कोटा रेंज के नए आईजी हरेंद्र महावर ने संभाला पदभार, चाकूबाजी और साइबर क्राइम पर सख्ती के संकेत

कोटा। हरेंद्र महावर ने शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कोटा रेंज के पद का विधिवत कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवनियुक्त आईजी हरेंद्र महावर ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कोटा शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा तथा इस पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। असामाजिक तत्वों और बदमाशों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आईजी महावर ने मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मीडिया ही संभाग की समस्याओं और आमजन की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिस कर्मियों के खिलाफ 100 प्रतिशत कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कोटा में रह रहे ऐसे कोचिंग छात्रों के सत्यापन के निर्देश भी दिए, जिनका किसी भी कोचिंग संस्थान में प्रवेश नहीं है। पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ऐसे छात्रों की जांच करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें कोटा से बाहर भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
साइबर क्राइम को लेकर भी आईजी ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर ठगी और डिजिटल अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आईजी हरेंद्र महावर ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नए आईजी की नियुक्ति के बाद पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखा गया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like