कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े के तहत शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में विश्व जैव विविधता दिवस पर विचार गोष्ठी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने कहा कि जैव विविधता पृथ्वी पर जीवन संतुलन के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम संयोजक योगिता महावर एवं यूनिट लीडर नीलम पारेता ने भी जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।
इस दौरान रोवर उमेश, स्काउट प्रतीक सिंह, जसवंत, गाइड धरणी कुमारी एवं डिम्पल महावर ने भी विचार व्यक्त किए। अंत में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।