उदयपुर । महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक विचार संगोष्ठी का कल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में डॉ. हेडगेवार को महान देशभक्त, कुशल संगठनकर्ता एवं दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के आदर्शों से परिपूर्ण था। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक श्री हेमेंद्र श्रीमाली ने अपने वक्तव्य में बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना डॉ. हेडगेवार द्वारा वर्ष 1925 में की गई थी। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे संगठनों से जुड़कर समाज सेवा एवं राष्ट्रहित के कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की डीन डॉ. धृति सोलंकी ने की। उन्होंने अतिथियों का पुष्प गुच्छ एवं उपरना पहनाकर स्वागत किया तथा संगोष्ठी के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. विनोद यादव, प्रोफेसर, सीटीएई ने डॉ. हेडगेवार का विस्तृत जीवन परिचय प्रस्तुत करते हुए उनके विचारों एवं योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अंजली जुयाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक अधिष्ठाता, छात्र कल्याण डॉ. रूपल बाबेल द्वारा किया गया। संगोष्ठी में उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विषय पर गहन रुचि दिखाई और इसे ज्ञानवर्धक बताया।