जम्मू। आम जनता को महंगाई से राहत देने और आवश्यक वस्तुओं की किफायती आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल ने गेहूं, चावल और आटा जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री की रेल ढुलाई में माल भाड़ा दरों का युक्तिकरण किया गया है। जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि इस युक्तिकरण के तहत अब दूरी के आधार पर भाड़े की दर निर्धारित की गई है। नई व्यवस्था अवरोही क्रम में होगी। इसके अनुसार 1000 किलोमीटर तक की दूरी के लिए दर 1.55 रुपये प्रति टन प्रति किलोमीटर, 1001 से 3000 किलोमीटर तक की दूरी के लिए 1.55 रुपये से घटाकर 1.15 रुपये प्रति टन प्रति किलोमीटर और 3001 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 1.15 रुपये प्रति टन प्रति किलोमीटर की दर लागू होगी। इससे लंबी दूरी तक खाद्यान्न भेजना अब और अधिक किफायती हो जाएगा।
सड़क की तुलना में रेल द्वारा खाद्यान्नों की ढुलाई से किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को कई प्रत्यक्ष लाभ मिलेंगे। रेल भाड़ा कम होने से परिवहन लागत में भारी कमी आएगी, जिससे बाजारों में गेहूं, चावल और आटे की कीमतें स्थिर रखने में मदद मिलेगी। इसके अलावा भारी बारिश, बर्फबारी और भूस्खलन के कारण बंद होने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की समस्या से भी निजात मिलेगी, क्योंकि रेल सेवा हर मौसम में निर्बाध रूप से चलती है। इससे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति समय पर और बिना रुकावट संभव हो सकेगी।
रेल से थोक में ढुलाई होने के कारण माल की टूट-फूट और क्षति की संभावना भी न्यूनतम रहती है। साथ ही सड़कों पर ट्रकों की संख्या कम होने से यातायात का दबाव, प्रदूषण और ईंधन की खपत में कमी आएगी, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल ने कहा कि यह युक्तिकरण रेलवे की जनहितैषी नीति का हिस्सा है। हमारा लक्ष्य है कि आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से हो। हम किसानों और व्यापारियों से अपील करते हैं कि वे खाद्यान्नों की ढुलाई के लिए रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग कर इस योजना का लाभ उठाएं।