GMCH STORIES

राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने के कारण कश्मीर में फंसे यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष ट्रेनों का सफल संचालन

( Read 577 Times)

01 Aug 26
Share |
Print This Page

राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने के कारण कश्मीर में फंसे यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष ट्रेनों का सफल संचालन

जम्मू । हाल ही में हुई भारी बरसात और खराब मौसम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के श्रीनगर से उधमपुर खंड के बंद हो जाने से श्रीनगर और श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, जम्मू मंडल ने तत्काल कदम उठाते हुए शनिवार को ‘‘बड़गाम से श्री माता वैष्णो देवी कटरा’’ और वापसी में बड़गाम के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया।
 जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रेन की समय सारिणी पर बात करें, तो बड़गाम से चलने वाली विशेष ट्रेन दोपहर 13.00 बजे बड़गाम से प्रस्थान कर श्रीनगर, बनिहाल और संगलदान स्टेशनों पर ठहराव करते हुए शाम 16.20 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंची। वापसी में यह ट्रेन शाम 17.05 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा से रवाना होकर संगलदान, बनिहाल और श्रीनगर होते हुए रात्रि 20.30 बजे बड़गाम पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त बनिहाल से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा के लिए एक तरफा विशेष ट्रेन का भी संचालन किया गया। जो कि बनिहाल से 16.30 पर रवाना होकर, शाम को 18.30 बजे कटरा पहुंची।
 इन विशेष ट्रेनों से लगभग 2200 यात्रियों को सुरक्षित और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहायता मिली। इस पहल से न केवल फंसे हुए यात्रियों को बड़ी राहत मिली, बल्कि स्टेशनों पर भीड़ कम करने, वैकल्पिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने और आपात स्थिति में यात्रियों को त्वरित सहायता देने में भी मदद मिली। बड़ी संख्या में यात्रियों ने रेलवे की इस त्वरित और यात्री हितैषी सेवा की सराहना की तथा आभार व्यक्त किया।
 वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल’ ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एनएच-44 बंद होने की सूचना मिलते ही जम्मू मंडल ने तुरंत विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया ताकि फंसे हुए यात्रियों को राहत मिल सके। आज लगभग 2200 यात्रियों ने इन ट्रेनों का लाभ उठाया। मैं अपने रेल कर्मचारियों की तत्परता और समर्पण की सराहना करता हूं। जम्मू मंडल भविष्य में भी किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
 उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे स्टेशन पर होने वाली घोषणाओं पर ध्यान दें तथा यात्रा से पूर्व अद्यतन जानकारी प्राप्त कर लें। किसी भी सहायता के लिए ‘‘रेल मदद 139’’ पर संपर्क किया जा सकता है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like