श्रीगंगानगर । संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ, जयपुर के अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया के नेतृत्व मे (शुक्रवार) को जयपुर में स्वायत्त शासन विभाग प्रमुख शासन सचिव रवि जैन से मिलकर 1 जुलाई 2026 को सरकार एवं यूनियन के लिखित समझौते अनुसार सफाई कर्मचारी भर्ती विज्ञप्ति 25 जुलाई 2026 तक जारी करने की मांग की गई। इस दौरान श्रीगंगानगर से अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि तथा जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल व विक्की वाल्मीकि शामिल हुए। सफाई कर्मचारी यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि व जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी भर्ती जल्द होने से में परंपरागत सफाई का कार्य करने वाले वाल्मीकि समाज तथा वर्तमान में सफाई का कार्य कर रहे अस्थाई सफाई कर्मचारियों को प्राथमिकता मिलेगी व सफाई भर्ती मे पूर्व कोर्ट केस वालों को नियुक्ति दी जाकर एक वर्ष अर्द्ध कुशल एवं एक वर्ष कुशल मानते हुए स्थाई किया जाएगा । इस अवसर पर जयपुर, श्रीगंगानगर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद थे।