श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नार्को कोर्डिनेशन सेंटर तंत्र की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, निगरानी एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जिले में अफीम व गांजा जैसी अवैध फसलों की खेती की निगरानी और रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नशे में प्रयुक्त की जाने वाली दवाइयों की उपलब्धता और स्टॉक की नियमित जांच करवाएं। मेडिकल दवाइयों के रिकॉर्ड की आकस्मिक जांच कर अनियमितता पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोर्स को पोर्टल द्वारा ही दवाइयां देने के लिये पाबंद किया जाये तथा स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों की नियमित जांच की जाए। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान केमिकल युक्त नशे की रोकथाम को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कोरियर के माध्यम से आने वाली दवाइयों पर भी विशेष नजर रखी जाये। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा नशा मुक्त समाज के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, अतिरिक्त जिला कलक्टर सतर्कता श्रीमती रीना, एसडीएम गंगानगर श्री नयन गौतम, श्री अशोक मित्तल, डॉ. अजय सिंगला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।