श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुसार वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम सोमवार को शिवपुर हैड पर आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थितजनों को राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण से संबंधित करवाये जा रहे विभिन्न कार्यों व गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए जल संरक्षण कार्यों का अवलोकन करवाया गया। कार्यक्रम में पीपल पूजन, कलश यात्रा, पौधारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण और जल संग्रहण का संकल्प भी लिया गया।
‘‘वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान‘‘ के तहत शिवपुर हैड पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव द्वारा राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि इन कार्यों के पूर्ण होने के पश्चात सिंचाई सुविधा में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि किसानों को सिंचाई के लिये पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिये सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को जल के महत्व से अवगत करवाते हुए उपलब्ध सिंचाई जल के कुशलतम उपयोग के साथ-साथ डिग्गी निर्माण के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी हो सके।
जल संसाधन विभाग के एसई श्री धीरज चावला ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गंगनहर, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, भाखड़ा नहर से सिंचित होने वाले क्षेत्र के किसानों की बेहतरी के लिये निरन्तर कार्य किये जा रहे हैं। इन कार्यों से जल संरक्षण के प्रति किसानों और आमजन में जागरूकता बढ़ी है, जिनके महत्वपूर्ण परिणाम भविष्य में आयेंगे। इन गतिविधियों से जिले में जल की उपयोगिता बढ़ी है और कम पानी में ज्यादा खेती की तकनीक से किसानों का लाभ भी बढ़ा है।
इस अवसर पर पूजा अर्चना के बाद अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद उपस्थितजनों द्वारा जल संरक्षण और जल संग्रहण का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में कलश यात्रा के बाद पीपल पूजन का आयोजन किया गया। स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं द्वारा उत्साहपूर्वक कलश यात्रा निकालते हुए पीपल पूजन किया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं द्वारा मंगल गीत गाये गये। शिवपुर हैड पहुंचकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘‘वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान‘‘ की सराहना करते हुए कहा कि इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इसके पश्चात पौधारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर श्री आशुतोष गुप्ता, एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, गंगानगर एसडीएम श्री नयन गौतम, जिला परिषद एसीईओ श्री हरिराम चौहान, श्री विजय कुमार, श्री अरविन्द्र सिंह, श्री राकेश दुलार, डॉ. सतीश शर्मा, श्री हरीश मित्तल, श्रीमती प्रीति गर्ग, श्री बरकत अली, श्री सुरजीत बिश्नोई ग्राम पंचायत सरपंच सहित अन्य मौजूद रहे।