GMCH STORIES

पेंचक सिलाट में उदयपुर का दमदार प्रदर्शनः33 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय चौम्पियनशिप के लिए चयन

( Read 545 Times)

16 Jun 26
Share |
Print This Page
पेंचक सिलाट में उदयपुर का दमदार प्रदर्शनः33 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय चौम्पियनशिप के लिए चयन

उदयपुर। जयपुर स्थित पहलवान कुश्ती अकादमी में आयोजित राजस्थान राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट ट्रायल प्रतियोगिता में उदयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के आधार पर उदयपुर जिले के 33 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चौम्पियनशिप के लिए किया गया है, जिससे जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
पेंचक सिलाट एसोसिएशन उदयपुर के मुख्य सचिव हरीश कुमार सांवरिया ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 25 से 28 जून 2026 तक नासिक (महाराष्ट्र) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चौम्पियनशिप में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन को उदयपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में साकेत सांवरिया, हर्षिल राठौड़, ग्यानवी नायक, लेखाश कावड़िया, उत्कर्ष पटेल, यशविका अनेजा, युगांश कलासुआ, जेसिका लेखारी, विनीता कुमारी, धृत जैन, आयात खाकर, अरविका जैन, इकरा नाज, हारवी कुमावत, गीतेश कलाल, रिद्धि जलानिया, अर्णव जैन, प्राची मीणा, सिद्धार्थ सिंह, मोहित सिंह, लक्ष्मी डांगी, कृतिका कुंवर, अंजलि सुथार, सनाया जैन, अविका भट्ट, रुद्रांश वर्धन सिंह, अबीर जोशी, आफया मंसूरी, कृयांश राठौड़, समर्थ पवार, पहल जैन एवं सिद्धश्वरी सिंह शामिल हैं।
उदयपुर टीम के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में कोच प्रफुल्ल सांवरिया एवं मनीष सालवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना उदयपुर में पेंचक सिलाट खेल की बढ़ती लोकप्रियता और मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है। इससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
पेंचक सिलाट एसोसिएशन उदयपुर के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राष्ट्रीय चौम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल राजस्थान बल्कि उदयपुर का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
उदयपुर के 33 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले की खेल प्रतिभाओं की ताकत और भविष्य की उज्ज्वल संभावनाओं का प्रतीक बन गया है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like