उदयपुर : मेवाड़ बी. एस. सी. नर्सिंग कॉलेज उदयपुर मे 'मानसिक स्वास्थ्य और नर्सिंग में व्यावसायिक श्रेश्ठता' विषय पर एक मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला मनोवैज्ञानिक एवं स्नोफ्लेक्स काउन्सलिंग प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक महिमा पालीवाल द्वारा संचालित की गई।
कार्यशाला में नर्सिंग छात्रों के सामने आने वाली मानसिक चुनौतियों जैसे शैक्षणिक दबाव, क्लिनिकल प्रशिक्षण का तनाव, भावनात्मक थकान और बर्नआउट के शुरुआती संकेतों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही छात्रों में आत्म-प्रेरणा, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, संवाद कौशल तथा व्यावसायिक आचरण को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
परस्पर संवादात्मक गतिविधियों, वास्तविक जीवन के उदाहरणों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के माध्यम से छात्रों को तनाव प्रबंधन, प्रेरणा बनाए रखने और कठिन परिस्थितियों में भी पेशेवर व्यवहार बनाए रखने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। कार्यशाला में यह संदेश स्पष्ट किया गया कि मानसिक स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि बेहतर रोगी देखभाल और चिकित्सकीय उत्कृष्टता का एक महत्वपूर्ण आधार है।
छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और यह समझ विकसित की कि दूसरों की सेवा करते हुए स्वयं की मानसिक सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। इस पहल का उद्देश्य भविष्य के नर्सिंग पेशेवरों को मानसिक रूप से मजबूत, संवेदनशील और जिम्मेदार बनाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप गर्ग ने मुख्य अतिथि महिमा पालीवाल का पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रेरणा (Motivation) और तनाव प्रबंधन (Stress Management) की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए इसे आज के जीवन एवं व्यावसायिक वातावरण के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
इस मौके पर शिक्षकगण, स्टाफ सहित बी. एस. सी. नर्सिंग छात्र छात्राए उपस्थित थे।