उदयपुर। मेवाड़ की पर्यटन एवं आतिथ्य जगत की बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता “मेवाड़ टूरिज्म कप 2026” के सातवें संस्करण का उदघाटन गुरुवार को फील्ड क्लब मैदान पर हुआ। आयोजन 5 अप्रैल तक चलेगा। दूधिया रोशनी में डे-नाइट मैच भी होंगे। टी 20 फॉर्मेट में हो रही इस स्पर्धा में पहले दिन पहले मुकाबले में उदय विलास होटल ने पैरेलल होटल को सात विकेट से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पेरेलल होटल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 137 रन बनाएं। पैरेलल होटल की ओर से प्रकाश मीणा ने नाबाद 39 रन तथा ओ पी जांगिड़ ने 23 रनों का योगदान दिया। उदय विलास होटल की ओर से कुश नेगी और गिरिराज कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किया। जवाब में उदय विलास होटल ने निर्धारित लक्ष्य को चार बाल शेष रहते हासिल कर लिया। उदय विलास की ओर से शुभम सिंह ने शानदार नाबाद अर्धशतक लगाया और 53 रन बना कर अपनी टीम को विजय दिलाई। सावन मिश्रा ने 35 रनों का योगदान दिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए उदय विलास के शुभम सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में होटल लेकेण्ड ने रेडिसन ब्लू होटल को आठ विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेडिसन ब्लू टीम 16.4 ओवर में 90 रन बनाकर ऑल आउट हो गई लेकेण्ड होटल की ओर से ज्योतिष भट्ट ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट, मोहम्मद इदरीश और विक्की कुमार ने दो-दो विकेट प्राप्त किया। जवाब में निर्धारित लक्ष्य को होटल लेकेण्ड ने 9.5 ओवर में हासिल कर लिया। रवि सुगरवाल ने नाबाद 31 रन तथा हेमेंद्र ने 26 रनों का योगदान दिया। घातक गेंदबाजी के लिए होटल लेकेण्ड के ज्योतिष भट्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आयोजन सचिव यदुराज सिंह कृष्णावत ने बताया कि आयोजन में पर्यटन एवं होटल उद्योग से जुड़ी 10 प्रमुख होटल टीमें एवं 4 अन्य टीमें हिस्सा ले रही हैं। भाग लेने वाले प्रमुख होटल समूहों में ताज, ओबेरॉय, औरिका, रैडिसन, आईटीसी, फेयरमोंट, पैरालेल, लेकएंड, ट्राइडेंट, लीला शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एमटीसी, आरटीसी एवं इवेंट्स की टीमें भी इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।
मेवाड़ टूरिज्म कप का मुख्य उद्देश्य पर्यटन जगत से जुड़े सभी साथियों को एक ही मंच पर लाना है, ताकि आपसी समन्वय, भाईचारा, खेल भावना एवं उद्योग के भीतर बेहतर संबंधों को बढ़ावा मिल सके। प्रतियोगिता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह पर्यटन एवं आतिथ्य जगत के लोगों के बीच एकता, सहभागिता और सकारात्मक संबंधों का उत्सव भी होगी।