उदयपुर। सनातन पाठशाला समिति, उदयपुर एवं संस्कृत भारती, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में सप्त दिवसीय बाल संस्कार शिविर का समापन समारोह पाइन वर्ल्ड स्कूल सेक्टर 5 में मानव कल्याण हेतु श्रेष्ठ संस्कारों को बढ़ाते रहने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। मीडिया प्रभारी जिग्नेश शर्मा ने बताया कि समारोह का आरंभ दो शिविरार्थियों भाविक नागदा और कृतिका भट्ट के शुभ जन्म दिवस को यज्ञानुष्ठान के साथ मनाया गया। जन्म दिवस के विशेष मंत्रों के साथ यज्ञ में आहुतियां दे कर सभी प्रशिक्षणार्थियों के समक्ष अपना शुभ जन्म दिवस आदर्श रूप में मनाने का संदेश दिया गया। समिति संयोजक पंडित भूपेंद्र शर्मा के पुरोहित्य में यज्ञ प्रशिक्षण दिया गया। समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी मणि शंकर त्रिवेदी और अध्यक्ष समिति संरक्षक गोपाल कनेरिया ने शिविर को विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास उन्हें संस्कारवान चरित्रवान राष्ट्रभक्ति ईश्वर पर भक्त बनाने के लिए उपयोगी बताया। विशिष्ट अतिथि इन्नर व्हील क्लब, उदयपुर की शीर्ष पदाधिकारी नयना जैन और बेला व्यास द्वारा सभी शिविरार्थियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। संस्कृत भारती चित्तौड़ प्रांत की डॉ रेनू पालीवाल और कुलदीप जोशी संस्कृत गीत और संस्कृत संभाषण आधारित लघु नाटिका का नेतृत्व किया। योगाचार्य प्रीतम सिंह चुंडावत ने योग व प्राणायाम, त्रिभुवन व्यास ने श्री राम स्तुति व श्री हनुमान चालीसा, सुनील पंडित ने संप्रेषण कौशल पर ज्ञानवर्धक वार्ता प्रस्तुत की। कालिका पेट्रोलियम टीम की पुलिस कांस्टेबल कुसुम और पंकज शिविरार्थियों के सामूहिक आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदर्शन की प्रशिक्षक रहीं। योगाचार्य जिग्नेश शर्मा ने प्रेरक खेलों के साथ योग का अभ्यास करवाया। शिविर संयोजक नवनीत भट्ट ने आभार ज्ञापित किया। अमृत रंजन पांडे, मधु नागदा, धीरज वैदिक, प्रिया भट्ट ने शिविर संरक्षण में सहयोग किया। विश्व शांति की सामूहिक प्रार्थना, जय घोष और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिविरार्थियों के अभिभावकों ने सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ व्यक्त की।