उदयपुर। काली बाई भील उड़ान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला परिषद् सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरमाराम ने की।
बैठक में महिला एवं बालिकाओं को निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन, प्राप्ति एवं वितरण ई-औषधी, राजसिम्स पोर्टल पर लाभार्थियों के पंजीयन, ऐसोपी की पालना एवं माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजना का लाभ समस्त पात्र बालिकाओं एवं महिलाओं तक पहुंचाने हेतु समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि विद्यालयों एवं संस्थानों में माहवारी प्रबंधन एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएँ। साथ ही सेनेटरी नैपकिन वितरण की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं अभिलेखों का उचित संधारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उड़ान योजना अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य अनुरूप नियमित निरीक्षण करने के निर्देश प्रदान किये। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत का त्वरित संज्ञान लेकर कार्यवाही के निर्देश दिए।
महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक संजय जोशी ने बताया कि योजना का उद्धेश्य बालिकाओं एवं महिलाओं में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। बैठक में शिक्षा विभाग से डाॅ दिनेश बंसल, बाल अधिकारिता विभाग से पंकज पाहर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से सुश्री आरूषी जैन, समेकित बाल विकास सेवाएं से नंदलाल मेघवाल, संस्कृत शिक्षा विभाग से खेमचंद जैन, कॉलेज शिक्षा विभाग से डा. भावना पोखरणा, राजीविका से दशरथ सिंह चुण्डावत सहित विभिन्न विभागों से अधिकारी उपस्थित रहे।