GMCH STORIES

जल जीवन मिशन में पूर्ण हुए कामों की कराएं सोशल ऑडिट - जिला कलक्टर

( Read 343 Times)

27 May 26
Share |
Print This Page
जल जीवन मिशन में पूर्ण हुए कामों की कराएं सोशल ऑडिट - जिला कलक्टर

उदयपुर। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक बुधवार शाम को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत अब तक हुए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। इसमें दौरान बताया गया कि मिशन के तहत जिले में 175 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। जिला कलक्टर ने मंगलवार को हुई दिशा की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में पूर्ण कार्यों की सोशल ऑडिट कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दिशा समिति सदस्यों को भी टीम में शामिल करने की हिदायत दी। जिला कलक्टर ने मिशन के तहत 90 प्रतिशत तक पूर्ण हुए कामों की भी जानकारी लेते हुए विभागीय अधिकारियों को माॅनिटरिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट पर ध्यान देने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जैसे ही बजट प्राप्त हो ऐसे कामों पर फोकस करें, जिनमें छोटा-मोटा ही काम बाकी है, जैसे कहीं पानी का सोर्स तैयार है, टंकी तैयार और पाइप लाइन का भी अधिकांश काम हो चुका है तो ऐसे कामों को प्राथमिकता से पूरा कराएं ताकि लोगों को उसका लाभ मिलना शुरू हो सके। श्री अग्रवाल ने मिशन के तहत जिले में 177 सेचुरेटेड गांवों में से अब तक सिर्फ 75 में ही हर घर नल सर्टिफिकेट जारी होने पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए सभी उपखण्ड अधिकारियों को विकास अधिकारियों के माध्यम से बकाया गांवों के लिए भी सर्टिफिकेट जारी कराने के लिए पाबंद किया।

बैठक में स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं ग्रामों में टेप नल कनेक्शन कराने, नल जल मित्रों का चयन, जल सेवा आंकलन, जल अर्पण दिवस, सुजलम् भारत आदि बिन्दुओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में गिर्वा एसडीएम अवुला साईकृष्ण, गोगुन्दा एसडीएम शुभम् भैसारे, प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला एन, एडीएम सिटी जितेंद ओझा, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रविन्द्र चैधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like