GMCH STORIES

50 दिवसीय योग काउंटडाउन के तहत 31 मई को सुखाड़िया समाधि पर होगा योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास

( Read 483 Times)

30 May 26
Share |
Print This Page

50 दिवसीय योग काउंटडाउन के तहत 31 मई को सुखाड़िया समाधि पर होगा योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास

शहर से गाँव तक हो रहा है योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास : भानु कुमार जैन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति आमजन में बढ़ रहा उत्साह

उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 31 मई 2026, रविवार को प्रातः सुखाड़िया समाधि परिसर में सामूहिक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, योग साधकों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

सहायक निदेशक भानु कुमार जैन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर जिलेभर में 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थलों पर योग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न स्थलों पर योग प्रोटोकॉल के पूर्वाभ्यास के साथ-साथ राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय, सिन्धी बाजार, उदयपुर में भी प्रतिदिन प्रातः नियमित योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है, जिसमें आमजन उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से 31 मई को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।

योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जन-जन तक पहुंचाने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में निरंतर योग जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है तथा नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने आमजन से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं योग निद्रा का अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योगासनों की सही विधि एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों का सक्रिय सहयोग रहेगा। इनमें योग एवं प्राकृतिक महाविद्यालय उदयपुर, पतंजलि योग समिति उदयपुर, क्रीड़ा भारती उदयपुर, पाहेर विश्वविद्यालय, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य सेतु, विश्व फाउंडेशन, सुकृपा फाउंडेशन, प्रणव आयुर्वेद योग सेंटर, ओसवाल सभा, ओसवाल युवक परिषद तथा आरोग्य विहार धाम सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य एवं योग साधक सहभागिता करेंगे।

योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास में योगी सुरेश पालीवाल, डॉ. विक्रम खराड़ी, योगी अशोक जैन, मुकेश पाठक, रोहित चोबीसा, हेमन्त कुमावत, अनुराग कुमावत, श्याम चोबीसा, पूनम कुमावत सहित विभिन्न योग प्रशिक्षक एवं स्वयंसेवक सहयोग प्रदान करेंगे।

आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से समय पर उपस्थित होकर योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास में भाग लेने तथा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like