उदयपुर। बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल (ठछप्) उदयपुर का अर्धवार्षिक कांक्लेव ‘दिशा 4.0’ होटल हॉवर्ड जॉनसन में उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उदयपुर के 100 से अधिक सदस्यों ने भाग लेकर अपने व्यवसायिक अनुभव साझा किए तथा एक-दूसरे के व्यवसाय को समझते हुए रेफरल नेटवर्किंग के माध्यम से व्यापार बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए।
इस अवसर पर बीएनआई उदयपुर के फाउंडर डायरेक्टर अनिल छाजेड़ ने बताया कि पिछले वर्षों में ठछप् उदयपुर के सदस्यों ने आपसी सहयोग, विश्वास और रेफरल नेटवर्किंग के माध्यम से 421 करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय किया है, जो संगठन की प्रभावशीलता और सदस्यों की व्यावसायिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
कार्यक्रम के संयोजक कृतिक कोठारी, डॉ. चित्रा लड्ढा, मानव सोनी एवं हरिओम पालीवाल ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से सदस्यों को नेटवर्किंग की शक्ति, रेफरल मार्केटिंग और आपसी सहयोग से व्यवसाय विस्तार के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि मजबूत संबंध और विश्वास आधारित नेटवर्क किसी भी व्यवसाय की सफलता की मजबूत नींव होते हैं।
हरिओम पालीवाल ने बताया कि वर्तमान में बीएनआई उदयपुर में 200 से अधिक सक्रिय सदस्य जुड़े हुए हैं और संगठन ने वर्ष के अंत तक सदस्य संख्या को बढ़ाकर 500 तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
कांक्लेव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। इनमें प्रख्यात आर्किटेक्ट सुनील लड्ढा, मानव सोनी, कुलदीप साहू, डॉ. चित्रा लड्ढा, कृतिक कोठारी सहित कई अन्य सदस्यों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडर डायरेक्टर अनिल छाजेड़ ने उदयपुर संभाग के बहुप्रतीक्षित वार्षिक व्यवसायिक महोत्सव ‘उद्यम 4.0’ की जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन 19 एवं 20 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसमें उद्यमिता, व्यापारिक नवाचार और नेटवर्किंग के नए अवसरों को बढ़ावा दिया जाएगा।
‘दिशा 4.0’ कांक्लेव ने एक बार फिर साबित किया कि बीएनआई केवल एक नेटवर्किंग मंच नहीं, बल्कि सहयोग, विश्वास और सामूहिक विकास के माध्यम से व्यवसायिक सफलता का सशक्त आंदोलन है।